प्रशासनमध्यप्रदेश

रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह गिरफ्तार, 7 घंटे की पूछताछ के बाद सीबीआई का बड़ा एक्शन

भोपाल। राजधानी के चर्चित एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। सीबीआई ने ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गुरुवार को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। बुधवार देर रात मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के तुरंत बाद एक्शन में आई सीबीआई ने गुरुवार को कटारा हिल्स स्थित निवास पर करीब 7 घंटे की मैराथन पूछताछ के बाद यह कदम उठाया। इस हाई प्रोफाइल गिरफ्तारी से मामले में नया मोड़ आ गया है।
बता दें गुरुवार सुबह ठीक साढ़े 10 बजे सीबीआई की फॉरेंसिक और टेक्निकल टीम भारी पुलिस बल के साथ गिरिबाला सिंह के घर पहुंची और पूरे मकान को अपने घेरे में ले लिया। इस बार जांच का तरीका पूरी तरह साइंटिफिक और आधुनिक था। सीबीआई ने घर के भीतर हाई इंटेंसिटी थ्री.डी कैमरे लगाए, जिससे पूरे परिसर की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की गई।
जांच अधिकारियों ने न सिर्फ घर के अंदर के साक्ष्य जुटाए, बल्कि आसपास के पड़ोसी मकानों की छत और बालकनी को भी स्कैन किया। इसका मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना था कि वारदात वाले दिन घटनास्थल बाहर या पड़ोस के किसी हिस्से से कैसा दिखाई दे रहा थाए ताकि किसी भी चश्मदीद या परिस्थिति जन्य साक्ष्य की सत्यता को परखा जा सके।
7 घंटे तक चली सवालों की बौछार
दोपहर से लेकर शाम तक बंद कमरे में सीबीआई के आला अधिकारियों ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह पर तीखे सवालों की बौछार की। सूत्रों के मुताबिक कई सवालों पर वे असहज नजर आईं। आखिरकार करीब 7 घंटे की कड़ी पूछताछ के बाद शाम ठीक 5 बजकर 10 मिनट पर सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जब सीबीआई अधिकारी उन्हें घर से बाहर लाए तो पूर्व जज के चेहरे पर शिकन साफ देखी जा सकती थी। उन्हें पहले से तैयार खड़ी एक सफेद कार में बैठाकर टीम सीधे अपने साथ रवाना हो गई।
मेडिकल बोर्ड करेगा जांच
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम आरोपी गिरिबाला सिंह को सीधे भोपाल स्थित मेनिट परिसर लेकर पहुंची, जहां सीबीआई ने अपना अस्थाई कैंप ऑफिस बनाया हुआ है। यहां बकायदा एक विशेष मेडिकल बोर्ड को बुलाया गया है, जो उनका विस्तृत मेडिकल चेकअप करेगा। इस प्रक्रिया के तुरंत बाद सीबीआई आरोपी को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश करेगी, जहां मौत के पीछे छिपे असली राज और साजिश को उगलवाने के लिए उनकी पुलिस रिमांड मांगी जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!