वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी राज्य सरकारत्न मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत चयनित सीएम फेलोज के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार वर्ष 2025 को रोजगार और निवेश, वर्ष 2026 को किसान कल्याण तथा वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 55 जिलों से चयनित युवा राज्य में नई आशाओं का संचार करेंगे। ये युवा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का मूल्यांकन करेंगे, जिससे प्रशासनिक कमियों को दूर कर सुधार किया जा सकेगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने काम को केवल नौकरी न समझें, बल्कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए समर्पित होकर काम करें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की उपस्थिति में ग्लोबल विलेज फाउंडेशन और सुशासन संस्थान के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए। मुख्यमंत्री ने युवाओं के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें बेहतर समय प्रबंधन, विनम्र स्वभाव और संवाद शैली अपनाने की सीख दी।
संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. राजीव दीक्षित ने बताया कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण में युवाओं को डेटा विश्लेषण, जिला स्तरीय प्रशासनिक कार्यप्रणाली और शासकीय योजनाओं की जमीनी बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



