एसपी-एएसपी-सीएसपी के मार्गदर्शन में पुलिस को मिली दोहरी सफलता, हत्या के 2 आरोपी गिरफ्तार, 78 लाख के गुम मोबाइल पाकर खिले 493 चेहरे

सीहोर। सोमवार का दिन सीहोर पुलिस के लिए उपलब्धियों से भरा और बेहद खास रहा। वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी सफलताएं हासिल की हंै। एक ओर जहां थाना कोतवाली पुलिस ने सनसनीखेज कपिल हत्याकांड का महज कुछ ही दिनों में खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली, वहीं दूसरी ओर नवरात्रि के पावन अवसर पर पुलिस ने गुमशुदा मोबाइलों को ढूंढकर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाकर 493 चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
जिले में कानून व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस के शीर्ष अधिकारियों द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ आम नागरिकों को राहत देने का अनूठा उदाहरण पेश किया है।

पहली सफलता : कपिल हत्याकांड का खुलासा
थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हुई कपिल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पचामा में परमार ढाबे के सामने आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से कपिल की मोटरसाइकिल को पीछे से कार से टक्कर मार दी थी, जिससे कपिल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसके साथ मौजूद चश्मदीद मितेश राठौर बाल-बाल बच गए थे।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच के दौरान चश्मदीद गवाह मितेश राठौर और राजा राय के कथनों के आधार पर हत्या व हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गिरीश दुबे के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। ओमदीप परमार पिता बाबूलाल परमार निवासी ग्राम बमुलिया और दिनेश मेवाड़ा पिता पदम सिंह मेवाड़ा निवासी ग्राम थूना थाना कोतवाली हैं। पुलिस ने आरोपी दिनेश मेवाड़ा की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मारुति अल्टो कार भी जब्त कर ली है। प्रकरण में शामिल अन्य साथियों की तलाश जारी है।
दूसरी सफलता : 78 लाख के गुम मोबाइल लौटाए
एक तरफ जहां गंभीर अपराध का पर्दाफाश हुआ, वहीं दूसरी ओर त्योहार के दिनों में आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिली। नवरात्रि के पावन पर्व पर पुलिस ने पिछले तीन वर्षों से अपने गुम हुए मोबाइल फोन को लेकर उम्मीद छोड़ चुके लोगों को बड़ा तोहफा दिया। पुलिस ने कुल 493 गुम मोबाइल फोन खोज निकाले, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 78 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने नागरिकों को उनके खोए हुए फोन अपने हाथों से सौंपे। कुल 493 मोबाइलों में से 260 मोबाइल मुख्य कार्यक्रम के दौरान सीधे वितरित किए गए, जबकि 233 मोबाइल संबंधित थाना स्तर पर उनके स्वामियों को लौटाए गए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर नागरिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।



