धर्म और आस्थामध्यप्रदेश

बागेश्वर धाम से शुरू हुई सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 3.0

भोपाल। बागेश्वर धाम से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 3.0 की भव्य शुरुआत हो गई है। यात्रा के पहले दिन की शुरुआत विशेष अनुष्ठान, पूजन, राष्ट्रगान और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुई। इसके बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बालाजी महाराज के दर्शन कर धर्म ध्वजा का ध्वजारोहण किया। यात्रा के दौरान सबसे आगे बालाजी का वाहन, फिर शास्त्री का रथ और उनके पीछे श्रद्धालुओं के वाहनों का लंबा काफिला चल रहा है। यात्रा के पहले दिन करीब 100 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा।
यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने संदेश में कहा कि यह यात्रा सनातन हिंदू एकता के संकल्प और जनजागृति के लिए निकाली जा रही है, ताकि सभी सनातनी एकजुट हो सकें। उन्होंने देश में शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा सबको अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन देश की बदनामी किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए।
भव्य वैनिटी वैन रथ और रूट का पूरा शेड्यूल
इस यात्रा के लिए पंडित धीरेंद्र शास्त्री एक विशेष रूप से तैयार की गई लग्जरी वैनिटी वैन रथ में सवार हैं। सुरक्षा मानकों के अनुसार बनी इस वैन पर हनुमान जी, गदा और सनातन धर्म के प्रतीकों की नक्काशी की गई है। साथ ही इसमें हाइड्रोलिक लिफ्ट लगी है, जिससे शास्त्री रथ के ऊपर आकर भक्तों को संबोधित कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों तरफ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
पहला पड़ाव बमीठा: यहां मैरिज हाउस में 20 मिनट का मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
चंद्रनगर: यहां पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री वैन में बैठकर 20 मिनट तक लोगों को सनातन एकता का संकल्प दिलाएंगे।
अजयगढ़: यात्रा यहां के आश्रम पहुंचेगी, जहां दोपहर के भोजन के लिए लगभग 90 मिनट का विश्राम होगा।
सिंहपुर: यहां 20 मिनट का आशीर्वचन कार्यक्रम रखा गया है।
रात्रि विश्राम: यात्रा के पहले दिन का रात्रि विश्राम पन्ना के रघुलीला पैलेस और मधुवन पैलेस में होगा।
देश-विदेश से पहुंचे संत और श्रद्धालु
यात्रा में शामिल होने के लिए देश के कई बड़े संत और कथावाचक बागेश्वर धाम पहुंचे हैं। इनमें कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय, जगद्गुरु चिन्ना जीयर स्वामी, देवी चित्रलेखा, अयोध्या की हनुमानगढ़ी से राजूदास महाराज, मलूक पीठ के गंगादास महाराज, हरिद्वार के मोनी महाराज और चित्रकूट के राधेश्याम महाराज शामिल हैं।
इस बीच नेपाल से यात्रा में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालुओं को वाहन न मिलने पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि शाम तक उनके लिए विशेष बस की व्यवस्था कर दी जाएगी। वहीं बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने भी वीडियो संदेश जारी कर इस रथ यात्रा को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!