धर्म और आस्थामध्यप्रदेश

शिवराज सिंह चौहान की अपील, नवरात्रि में मां की उपासना के साथ बेटियों, बहनों और माताओं का सम्मान करना भी जरूरी

भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शारदीय नवरात्रि के पहले दिन देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक विशेष रील पोस्ट कर देश की बेटियों, बहनों और माताओं का सम्मान करने की पुरजोर अपील की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि व्रत-उपवास और मां की भक्ति के साथ-साथ महिलाओं का सम्मान करना भी उतना ही आवश्यक है।
अपने संदेश में केंद्रीय मंत्री ने कहा आज नवरात्रि का पहला दिन है। मां शैलपुत्री हमें आशीर्वाद देंगी और हम सब मां की पूजा-भक्ति में डूब जाएंगे। लेकिन दिल से आज एक बात कहना चाहता हूं, प्रिय बहनों, भाइयों, बेटे-बेटियों, हम व्रत और उपवास करें, मां की उपासना और साधना करें, लेकिन अपनी अंतरात्मा से, हृदय से अपनी बेटियों, बहनों और माताओं का सम्मान भी करें।
उन्होंने आगे कहा कि बेटियां वास्तव में देवियां हैं और हर बहन-माता में भी देवी का ही वास होता है। इसलिए हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि बेटी, मां और बहन का सम्मान हमेशा सर्वोपरि रहेगा। यदि आपने इनका सम्मान नहीं किया तो आपकी किसी भी पूजा या उपासना का कोई लाभ नहीं मिलेगा।
मां शैलपुत्री से की देशवासियों के कल्याण की कामना
अपने संदेश के अंत में शिवराज सिंह चौहान ने सभी देशवासियों को नवरात्रि की बधाई दी। उन्होंने मां शैलपुत्री से प्रार्थना की कि वे सभी पर अपनी कृपा और आशीर्वाद हमेशा बनाए रखें और अपने संदेश का समापन जय माता दी के उद्घोष के साथ किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!