विधायक दंपति अरुणा-सुदेश राय ने किया भव्य पीतांबरा धाम मंदिर निर्माण का भूमिपूजन

सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के विकास और धार्मिक धरोहरों के कायाकल्प के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विधायक सुदेश राय ने क्षेत्र की जनता को एक और बड़ी सौगात दी है। शहर के समीपवर्ती क्षेत्र बढय़िाखेड़ी में आस्था, संस्कृति और अद्भुत वास्तुकला का एक भव्य केंद्र आकार लेने जा रहा है। पुराना इंदौर-भोपाल हाईवे किनारे स्थित करीब 50 साल पुराने ऐतिहासिक शिवाराध्य पीतांबरा धाम माता मंदिर के पुनरुद्धार और इसे विशाल स्वरूप देने का बीड़ा विधायक सुदेश राय ने उठाया है। करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाले इस भव्य मंदिर के निर्माण के लिए गुरुवार को विधायक सुदेश राय और वरिष्ठ समाजसेविका अरुणा राय ने मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित होकर वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ भूमिपूजन संपन्न किया तथा कार्य की आधिकारिक आधारशिला रखी।
धार्मिक पर्यटन और क्षेत्र के गौरव को बढ़ाने के लिए विधायक सुदेश राय इस मंदिर को एक विशेष पहचान दिलाने में जुटे हैं। उनके मार्गदर्शन में तैयार की गई योजना के अनुसार इस मंदिर को मूर्त रूप देने के लिए विशेष रूप से राजस्थान के कुशल कारीगरों और शिल्पकारों की टीम को सीहोर बुलाया जा रहा है।
नया मंदिर नागर राजस्थानी शैली में तैयार किया जाएगा, जिसमें प्राचीन भारतीय परंपरा के साथ-साथ आधुनिक स्थापत्य कला का बेहतरीन तालमेल दिखेगा। पत्थरों पर की जाने वाली सुंदर नक्काशी और महा-मारू शैली इस भव्य देवालय के वैभव को अनुपम बनाएगी। विधायक सुदेश राय ने निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद वरिष्ठ ब्राह्मणों के सानिध्य में देव प्रतिमाओं की नवग्रह शांति और पूर्ण शास्त्रोक्त विधि से प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया जाए।
सीवन नदी तट का भी होगा जीर्णोद्धार
विधायक सुदेश राय की परिकल्पना के अनुसार सिर्फ मंदिर का ही पुनरुद्धार नहीं होगा, बल्कि इसके आसपास के पूरे परिसर को एक भव्य आध्यात्मिक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है। मंदिर के पास से बहने वाली पवित्र सीवन नदी के किनारे श्रद्धालुओं, वरिष्ठ नागरिकों और धर्मप्रेमी जनता के बैठने, ध्यान लगाने और सुबह-शाम सैर करने के लिए एक बेहद शांत, मनोरम और श्रद्धा-भक्ति से भरपूर वातावरण तैयार किया जाएगा, जो सीहोर की सुंदरता में चार चांद लगाएगा।
मां पीतांबरा और महादेव की कृपा से हो रहा पुनीत कार्य
भूमिपूजन कार्यक्रम के भव्य अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय और समाजसेविका अरुणा राय ने कहा कि मां पीतांबरा और देवाधिदेव महादेव की असीम अनुकंपा से ही आज इस पुनीत कार्य की शुरुआत हो सकी है। विधायक राय ने कहा कि यह विशाल मंदिर आने वाले समय में केवल बढिय़ाखेड़ी ही नहीं, बल्कि पूरे जिले की आस्था, गौरवशाली संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का एक बड़ा ऐतिहासिक केंद्र साबित होगा।
प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियों को लेकर मंदिर निर्माण परियोजना से जुड़े राजकुमार जायसवाल ने बताया कि विधायक जी की मंशा के अनुरूप जल्द ही धरातल पर निर्माण कार्य तीव्र गति से शुरू कर दिया जाएगा। इस गरिमामयी और ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन के दौरान विधायक सुदेश राय के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक, मातृशक्ति, वरिष्ठजन और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने इस बड़ी सौगात के लिए विधायक का आभार माना।



