एमपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, 15 से 18 अक्टूबर तक आंधी-बारिश का अलर्ट, इंदौर में पारा गिरा, बढ़ेगी ठंड

भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से राज्य में अगले चार दिनों यानी 15 से 18 अक्टूबर तक आंधी-तूफान और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इस बदलाव से प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट आएगी और ठंडक का अहसास काफी बढ़ जाएगा।
प्रतिकूल मौसम प्रणाली के असर से राज्य के कई हिस्सों में बादलों का डेरा रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, सागर, रीवा संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसे लेकर मौसम विभाग ने प्रशासन और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
इंदौर में लुढक़ा पारा, 20 अक्टूबर के बाद बढ़ेगी तेज ठंड
बारिश और बादलों के असर से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की जाने लगी है। आर्थिक राजधानी इंदौर में न्यूनतम तापमान लुढक़कर 17 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद आगामी 20 अक्टूबर के बाद प्रदेशभर में रात के समय ठंड का असर और अधिक तेजी से बढ़ेगा। त्योहारी सीजन के बीच मौसम के इस बदलाव से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी साथ ही प्रदेश में गुलाबी ठंड की आधिकारिक शुरुआत भी हो जाएगी।



