अवैध खनन पर मुख्य सचिव की कडक़ क्लास, कलेक्टर-एसपी से बोले- प्रशासन का खौफ क्यों नहीं, ट्रैक्टर-बाइक चढ़ा देने की हिम्मत कैसे हुई

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के एजेंडों की समीक्षा की। इस दौरान अवैध खनन और कानून-व्यवस्था को लेकर उन्होंने जिला कप्तानों की जमकर क्लास ली। मुख्य सचिव ने तीखे लहजे में पूछा कि अवैध खनन करने वालों पर पुलिस और प्रशासन का खौफ आखिर क्यों नहीं है। कोई भी व्यक्ति अधिकारियों पर ट्रैक्टर या बाइक चढ़ा देने की हिम्मत कैसे कर सकता है। उन्होंने कलेक्टर और एसपी को सख्त निर्देश दिए कि हमला करने वाले ड्राइवरों के साथ-साथ वाहनों के मालिकों पर भी कड़ी कार्रवाई करें, ताकि सुशासन का कड़ा संदेश जाए। इसके साथ ही उन्होंने अगले तीन साल में प्रदेश को ड्रग्स-मुक्त करने के लिए बड़ा अभियान चलाने को कहा।
बैठक में मुख्य सचिव ने कई अन्य मुद्दों पर भी नाराजगी जताई सीएस ने कहा कि गर्मी के मौसम में भी मैहर और सिंगरौली में भारी प्रदूषण है, जो ठंड में और घातक हो जाएगा। उन्होंने वहां के कलेक्टरों को जांच के निर्देश दिए। खेतों में नरवाई पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं को लेकर जबलपुर और नरसिंहपुर के कप्तानों को फटकार लगाई गई। उन्होंने हार्वेस्टर की जगह सीडर से कटाई को बढ़ावा देने को कहा। प्रदेश में 104 सरकारी हैंडपंपों पर निजी लोगों के कब्जे की बात सामने आने पर सीएस ने नाराजगी जताई और तत्काल कब्जा हटाने के निर्देश दिए।
खाद वितरण और पर्यटकों की सुरक्षा के कड़े निर्देश
आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि किसानों को सिर्फ डीएपी ही नहीं बल्कि एनपीके खाद के लिए भी टोकन दिए जाएं, ताकि भीड़ न लगे। उन्होंने बरगी क्रूज हादसे का हवाला देते हुए सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि बारिश के मौसम को देखते हुए जलाशयों में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही पुल-पुलियाओं की मरम्मत और वहां संकेतक लगाने के काम समय से पूरे किए जाएं।



