ईद-उल-अजहा कल: सडक़ों पर नमाज न पढऩे और कुर्बानी का वीडियो वायरल न करने की अपील

भोपाल। मध्य प्रदेश में ईद उल अजहा का त्योहार कल गुरुवार को मनाया जाएगा। इस विशेष पर्व को लेकर मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने प्रदेशभर के मुस्लिम समाज के लिए जरूरी गाइडलाइन जारी की है। बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे शांति, स्वच्छता और प्रशासनिक नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए त्योहार मनाएं। वक्फ बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों में विशेष रूप से सडक़ों पर नमाज न पढऩे और कुर्बानी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल न करने की बात कही गई है।
वक्फ बोर्ड ने अपने दिशा-निर्देशों में स्पष्ट रूप से कहा है कि ईद की विशेष नमाज केवल अधिकृत ईदगाह और मस्जिद परिसरों के अंदर ही अदा की जाए। किसी भी स्थिति में सडक़ों या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढऩे से बचने के कड़े निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम जनता और यातायात को कोई असुविधा न हो। बोर्ड ने यह भी कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में नमाजियों की भीड़ अधिक होने की संभावना हो तो इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और प्रशासन को पहले से ही दे दी जाए।
कुर्बानी को लेकर जारी किए ये कड़े नियम
बकरीद के मुख्य संस्कार यानी कुर्बानी को लेकर भी बोर्ड ने स्थिति स्पष्ट की है। गाइडलाइन के अनुसार कुर्बानी केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित और निजी तय स्थानों पर ही की जाए। कुर्बानी के दौरान की कोई भी फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर या वायरल बिल्कुल न किया जाए। कुर्बानी के बाद बचे हुए अपशिष्ट कचरे को खुले में फेंकने के बजाय उसका उचित और वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जाए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे।
सौहार्द बनाए रखने की अपील
मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने सूबे की सभी मस्जिदों, ईदगाहों, दरगाहों और वक्फ प्रबंधन समितियों के मुतवल्लियों प्रबंधकों से कहा है कि वे जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का जमीन पर सख्ती से पालन कराएं। बोर्ड का कहना है कि इन नियमों के पालन से त्योहार बिना किसी व्यवधान के बेहद शांतिपूर्ण, गरिमामय और आपसी सौहार्द के माहौल में संपन्न हो सकेगा।



