केसरिया गढ़ इछावर में ही यह हाल…

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इछावर विधानसभा क्षेत्र में प्रशासनिक लापरवाही और खोखले आश्वासनों का मामला सामने आया है। बीते 41 वर्षों से (एक कार्यकाल छोडक़र) लगातार भाजपा के कब्जे वाली इस सीट पर आयोजित जनसेवा अभियान के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खुल गई, जब एक पीडि़त ने राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और कलेक्टर बालागुरु के सामने ही एसडीएम की शिकायत दर्ज करा दी।
घटना बलोडिया गांव में आयोजित जनसेवा अभियान की है। पीडि़त ग्रामीण ने मंत्री और कलेक्टर को बताया कि वह इससे पहले ब्रिजिशनगर में आयोजित जनसेवा अभियान में भी अपनी राजस्व संबंधी समस्या लेकर पहुंचा था। वहां मौजूद एसडीएम ने उसे काम जल्द पूरा करने का पूरा आश्वासन दिया था। हालांकि हफ्तों बीत जाने के बाद भी एसडीएम द्वारा समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया। अंतत: मजबूर होकर पीडि़त को दोबारा बलोडिया गांव के शिविर में आकर अधिकारियों की ढिलाई की शिकायत दर्ज करानी पड़ी।
मंत्री जी बोले, न मेरी गारंटी, न आपकी
शिकायत के दौरान राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों को जीवन और सेवा का प्रशासनिक फलसफा समझाते हुए कहा न मेरी कोई गारंटी है, न आपकी। आज आप कलेक्टर हैं, कल नहीं रहेंगे, आज मैं मंत्री हूं, कल नहीं रहूंगा, इसलिए जब तक पद पर हैं, बिना किसी हिचकिचाहट के जनता का काम तुरंत पूरा होना चाहिए।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
जब राज्य के राजस्व मंत्री के अपने ही विधानसभा क्षेत्र में एसडीएम स्तर के अधिकारी के आश्वासन के बाद भी आम जनता के काम नहीं हो रहे हैं तो आम दिनों में तहसील कार्यालयों के चक्कर काट रहे पीडि़तों को न्याय कैसे मिलेगा। पीडि़त अब मंत्री और कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद अपनी समस्या के निराकरण की उम्मीद लगाए बैठा है।



