टेक महिंद्रा के एशिया हेड की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी ने दागीं 15 गोलियां

भोपाल। हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर चल रहे विवाद ने एक खौफनाक रूप ले लिया। सेक्टर.21 सी स्थित एक बहुमंजिला इमारत में रहने वाले पड़ोसी मोनू शर्मा ने शुक्रवार रात टेक महिंद्रा कंपनी के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 राउंड फायरिंग की, जिसमें से 9 गोलियां लगने से परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद से आरोपी पूरे परिवार के साथ फरार है।
सूरजकुंड थाना पुलिस के अनुसार परमजीत धनखड़ काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे, जबकि उनका परिवार सेक्टर.21 सी की बिल्डिंग नंबर.641 की पहली मंजिल पर रहता है। इसी इमारत की तीसरी मंजिल पर आरोपी मोनू शर्मा का परिवार रहता है। परमजीत के भांजे की शादी 24 नवंबर को होनी है, जिसमें शामिल होने के लिए वे महज दो दिन पहले 5 नवंबर ही सिंगापुर से घर लौटे थे।
कुत्ते और पार्किंग को लेकर चल रहा था पुराना विवाद
थाना प्रभारी प्रह्लाद के अनुसार दोनों परिवारों के बीच पिछले काफी समय से तनातनी चल रही थी। विवाद की मुख्य जड़ आरोपी मोनू का बेटा था, जो अपने पालतू कुत्ते को पार्किंग एरिया में गंदगी करवाता था। परमजीत का बेटा सूर्य इसका विरोध करता था और उसे टोकता था। इस बात को लेकर 4-5 दिन पहले भी सूर्य और मोनू के बीच तीखी झड़प हुई थी, हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था।
जिम से लौटते ही गाड़ी हटाने को लेकर भडक़ा विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि सिंगापुर से लौटने के बाद परमजीत ने जिम जाना शुरू किया था। शुक्रवार रात करीब 8 बजे जब वे जिम से घर लौटे तो देखा कि उनके हिस्से की अलॉट की गई पार्किंग की जगह पर मोनू की गाड़ी खड़ी है। परमजीत ने मोनू से गाड़ी हटाने को कहा जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पार्किंग में पहले से ही अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर मौजूद मोनू ने आपा खो दिया और परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन तब तक परमजीत दम तोड़ चुके थे और आरोपी परिवार समेत फरार हो गया।
मौके पर पहुंची एफएसएल और क्राइम ब्रांच की टीम
घटना की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और वहां से कारतूसों के खाली खोल बरामद किए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में करीब 15 राउंड फायरिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस पुराने विवादों की जांच करने के साथ-साथ फरार आरोपी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।



