धनतेरस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुआ विशेष पूजन, सीएम डॉ. यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

भोपाल। धनतेरस के पावन अवसर पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने विधि-विधान से माता लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना की। नेताओं ने प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अच्छे स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पहला सुख निरोगी काया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धनतेरस और भगवान धन्वंतरि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में पहला सुख निरोगी काया को माना गया है और स्वस्थ शरीर ही मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष विभाग के जरिए आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था से जोडक़र भारतीय परंपरा को नया सम्मान मिला है।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान धन्वंतरि और माता लक्ष्मी की कृपा प्रदेश के हर नागरिक पर बनी रहे, जिससे राज्य में सुख-शांति का संचार हो और मध्यप्रदेश विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़े। इसके साथ ही उन्होंने मुरैना में भाजपा के नए जिला कार्यालय के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह नया कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों और जनसेवा का एक नया केंद्र बनेगा।
विकास की नई ऊंचाइयों को छुए प्रदेश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि धनतेरस के इस पवित्र अवसर पर प्रदेश की जनता के कल्याण की प्रार्थना की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश और मध्यप्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कामना की कि प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि की दीपमालाएं सदैव प्रज्ज्वलित रहें और हर परिवार के जीवन में खुशहाली आए।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह राजपूत, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र यादव, वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच, शैलेंद्र शर्मा सहित तमाम पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और प्रदेश कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।



