मध्यप्रदेश

पचमढ़ी में बंदर की एक झपट ने छीन ली जिंदगी…

भोपाल। मध्य प्रदेश के खूबसूरत हिल स्टेशन पचमढ़ी में शुक्रवार को दर्दनाक और चौंकाने वाला हादसा हो गया। खुशनुमा मौसम और वादियों के बीच यादगार तस्वीरें कैद कर रहे नागपुर निवासी विजय नायक के लिए एक बंदर की शरारत जानलेवा साबित हुई। प्रियदर्शिनी व्यू प्वाइंट पर बंदर से अपना बैग बचाने की जद्दोजहद में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे 150 फीट गहरी खाई में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक विजय नायक अपने पिता और 20 बच्चों के एक ग्रुप के साथ पचमढ़ी घूमने आए थे। शुक्रवार सुबह करीब 6.45 बजे सभी लोग प्रसिद्ध प्रियदर्शिनी व्यू प्वाइंट पर प्रकृति के नजारों का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान विजय वहां खड़े होकर फोटो खिंचवा रहे थे कि तभी अचानक एक बंदर ने उन पर धावा बोल दिया और उनका बैग छीनने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बंदर की इस अचानक हुई हरकत से विजय घबरा गए और अपना बैग बचाने के लिए उन्होंने झपट्टा मारा। इसी छीना-झपटी में उनका पैर फिसल गया और वे संभल पाते इससे पहले ही 150 फीट गहरी खाई में समा गए। देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई और घूमने आए बच्चों व परिजनों की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

खाई से शव निकालने में लगे तीन घंटे
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। खाई बेहद गहरी और दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों को 150 फीट नीचे उतरकर शव को ऊपर लाने में करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जवान बेटे को आंखों के सामने खोने वाले पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गमगीन माहौल में परिजन शव लेकर नागपुर रवाना हो गए।

बंदरों की दहशत और प्रशासन की लापरवाही पर फूटा गुस्सा
इस हादसे ने पचमढ़ी के व्यू प्वाइंट्स पर पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि व्यू प्वाइंट्स पर बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, लेकिन प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में किसी पर्यटक की जान बंदरों की वजह से न जाए, इसके लिए प्रशासन को तत्काल कदम उठाने चाहिए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!