बुजुर्गों की लाठी बनी सीहोर पुलिस…

सीहोर। उम्र के ढलते पड़ाव में बुजुर्गों को संबल देने और उनकी समस्याओं का मौके पर ही सम्मानजनक समाधान निकालने के लिए सीहोर पुलिस आगे आई है। जिले में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के मार्गदर्शन में सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत की एक विशेष शुरुआत की गई है। इस पहल का मुख्य मकसद सीहोर के वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा, सम्मान और हर संभव सहयोग प्रदान करना है ताकि वे खुद को अकेला न समझें।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के ऐसे नागरिक जिन्होंने 60 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे अपनी एक पासपोर्ट साइज फोटो, आयु प्रमाण पत्र और एक सामान्य फॉर्म भरकर इस पंचायत की मुफ्त सदस्यता ले सकते हैं। बुजुर्गों को दिए जाने वाले इस परिचय पत्र के पीछे जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के फोन नंबर दर्ज होंगे, जिससे वे जरूरत पडऩे पर सीधे पुलिस से संपर्क कर सकेंगे।
अस्पतालों और पैथोलॉजी में विशेष छूट
पुलिस प्रशासन विभिन्न अस्पतालों, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोरों के साथ एमओयू साइन कर रहा है। इस पहचान पत्र को दिखाने पर बुजुर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं और दवाइयों में विशेष डिस्काउंट दिया जाएगा।
हर बुधवार को लगेगी पुलिस पंचायत
वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को सुनने के लिए हर बुधवार को विशेष पंचायत का आयोजन किया जाएगा। यह सुनवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे की उपस्थिति और कोर कमेटी के गणमान्य सदस्यों की मौजूदगी में होगी। पंचायत में प्राप्त शिकायतों पर दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर आपसी सहमति और न्यायसंगत तरीके से मामलों का निपटारा किया जाएगा।
पहले ही दिन सुलझे तीन विवाद
– कुबेरेश्वर धाम में दुकान के 60 हजार रुपये बकाया किराए को लेकर फॉरेस्ट कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय महिला को धमकी मिल रही थी। पंचायत में समझाइश के बाद अनावेदक ने 30 हजार रुपये लौटा दिए और बाकी राशि किश्तों में चुकाने का वादा किया, जिस पर राजीनामा हुआ।
– ग्रामीण क्षेत्र के एक 65 वर्षीय बुजुर्ग को उनकी पूर्व बहू के परिजनों द्वारा धमकाया जा रहा था। पुलिस पंचायत ने दोनों पक्षों को समझाकर भविष्य में विवाद न करने और अदालत के आदेश का पालन करने की हिदायत दी।
– रेहटी क्षेत्र के एक बुजुर्ग ने अपने ही बेटे, बहू और पत्नी पर मारपीट व प्रताडऩा का आरोप लगाया था। पंचायत में दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई, जिसके बाद परिवार आपस में सम्मानपूर्वक साथ रहने को राजी हुआ।



