पॉलिटिकल तड़काप्रशासनमध्यप्रदेश

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बोले, जनता के सवालों से भाग रही है सरकार, 5 दिन का सत्र नाकाफी

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र की छोटी अवधि को लेकर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए 5 दिन के सत्र को जनता के हितों के खिलाफ बताया है। सिंघार ने सीधा आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर सत्र की अवधि कम रख रही है ताकि वह विपक्ष और जनता के तीखे सवालों का सामना करने से बच सके।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष सिर्फ अपना अनुपूरक बजट पारित कराने के लिए औपचारिक रूप से समय निकाल रहा है। उन्होंने कहा महज 5 दिन के सत्र में पूरे प्रदेश की जनता से जुड़े गंभीर सवालों के जवाब मिल पाना संभव नहीं है। सरकार जनता को जवाब देना ही नहीं चाहती, इसलिए वह सदन में चर्चा से भाग रही है।
किसान, युवा और कानून व्यवस्था पर घेरने की तैयारी
उमंग सिंघार ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस विधायक दल सदन के भीतर जनहित के हर बड़े मुद्दे को पूरी ताकत से उठाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं के साथ-साथ किसानों, युवाओं और कर्मचारियों के मुद्दों पर सरकार से जवाब चाहते हैं। सिंघार ने कहा कि विपक्ष इस सत्र में प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था, शराब कांड, कर्मचारियों की मांगों और किसानों की परेशानियों पर सरकार को घेरने के लिए पूरी तरह तैयार है।
सत्ता पक्ष की कथनी और करनी पर उठाए सवाल
भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सत्ता पक्ष के लोग मंचों से तो लोकतंत्र को बचाने की बड़ी.बड़ी बातें करते हैंए लेकिन जब लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर यानी विधानसभा में आकर जनता के सवालों का जवाब देने की बारी आती है तो वे इससे कतराते हैं। उन्होंने मांग की कि जनहित के मुद्दों पर सार्थक बहस के लिए विधानसभा सत्र की अवधि को बढ़ाया जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!