राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के गढ़ में बुलडोजर एक्शन…

सीहोर। मध्य प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के विधानसभा क्षेत्र इछावर में लंबे अर्से बाद बुलडोजर एक्शन देखने को मिल रहा है। बुधवार सुबह प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। भैरूंदा-इछावर मार्ग पर मंडी के पास फैले अवैध निर्माणों पर नगर परिषद और राजस्व अमले द्वारा संयुक्त रूप से बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है।
बता दें बुधवार सुबह करीब 8 बजे से ही प्रशासन की टीमें एक्शन मोड में नजर आईं। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध या हंगामे की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। इछावर में स्थानीय पुलिस के अलावा पड़ोसी 4 थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। 4 बुलडोजरों ने एक साथ मंडी के पास स्थित अवैध दुकानों, चहारदीवारी और पक्के अतिक्रमणों को ढहाना शुरू किया। लंबे समय बाद इछावर में हुई इस तरह की बड़ी कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हडक़ंप मच गया।
नेताओं और रसूखदारों पर भी गिरी गाज
सूत्रों के अनुसार यह अतिक्रमण सिर्फ आम लोगों का नहीं था, बल्कि इसमें कई रसूखदार नेता, नगर परिषद के कर्मचारी और प्रभावशाली लोग शामिल थे। प्रशासन ने बताया कि इन सभी को काफी समय पहले नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाए गए। आखिरकार प्रशासन को सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर का सहारा लेना पड़ा।
अधिकारियों ने संभाली कमान
मौके पर इछावर एसडीएम स्वाति मिश्रा, एसडीओपी रोशन जैन और नगर परिषद सीएमओ भारी पुलिस बल के साथ डटे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह मुहिम अभी थमी नहीं है, यह लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
राजस्व मंत्री का क्षेत्र है इछावर
गौरतलब है कि इछावर विधानसभा सीट से करण सिंह वर्मा 8वीं बार विधायक हैं और वर्तमान में प्रदेश के राजस्व मंत्री हैं। इछावर नगर में अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई लंबे अर्से बाद देखने को मिल रही है। अतिक्रमण हटाए जाने से अतिक्रमणकारियों में नाराजगी नाराजगी भी देखी जा रही है।



