पुलिस बुकमध्यप्रदेशमुद्दा गरम है

सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर सख्ती, शराब-हथियार वाले 4 गानों पर रोक के निर्देश, बच्चों की एंट्री बनी वजह

भोपाल। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने कॉन्सर्ट में शराब, नशे और हथियारों को बढ़ावा देने वाले चार चर्चित गानों की प्रस्तुति पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने आयोजन स्थल सी.21 मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में इन गानों को न गाने दिया जाए, क्योंकि इनके बोल बच्चों के मानसिक विकास पर गलत असर डाल सकते हैं।
इन चार गानों पर लगी रोक
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 6 नवंबर को जारी किए गए इस पत्र में जिन चार गानों पर पाबंदी लगाने को कहा गया है, उनमें पटियाला पैग, 5 तारा ठेके, जेब विचों अफीम लभिया और जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी शामिल हैं। विभाग ने अपने आदेश में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के एक पुराने फैसले का हवाला दिया है, जिसमें सार्वजनिक मंचों पर शराबए ड्रग्स और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गीतों पर रोक की बात कही गई थी।

5 साल से बड़े बच्चों को एंट्री, इसलिए बढ़ी चिंता
विभाग ने अपने पत्र में इस बात पर विशेष चिंता जताई है कि इस कॉन्सर्ट में 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी प्रवेश दिया जा रहा है। ऐसे में बच्चों के सामने नशे और हथियारों का महिमामंडन करने वाले गाने गाना उचित नहीं है। इस निर्देश की प्रतिलिपि इंदौर कलेक्टर, विजय नगर के अनुविभागीय अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक और विजय नगर थाना प्रभारी को भी भेजी गई है, ताकि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

प्रोफेसर की शिकायत पर हुई कार्रवाई
दरअसल यह पूरी कार्रवाई चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर की शिकायत के बाद की गई है। उन्होंने प्रशासन से इन चारों गानों पर रोक लगाने के साथ-साथ यह मांग भी की थी कि इन गानों के बोल बदलकर भी इन्हें न गाने दिया जाए। इसके अलावा उन्होंने कॉन्सर्ट के दौरान बच्चों को मंच पर न बुलाने और सिंगर दिलजीत दोसांझ को स्टेज पर कारतूस वाली बेल्ट पहनने से रोकने की भी अपील की थी।

बम की धमकी के बाद सुरक्षा को लेकर भी अलर्ट
गानों पर विवाद के साथ ही कॉन्सर्ट की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। इससे पहले 2 नवंबर को इंदौर के तीन निजी स्कूलों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को ई.मेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिली थी। इन ई.मेल में 15 नवंबर को दिलजीत के कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी। ऐसे में अब 15 नवंबर के इस आयोजन को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन सुरक्षा इंतजामों के साथ-साथ मंच की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!