एमपी में सुरक्षित नहीं पतिदेव… 6 महीनों में 15 से ज्यादा हत्याएं

भोपाल। मध्य प्रदेश में वैवाहिक रिश्तों के तार-तार होने और डरा देने वाले अपराधों का एक नया और खौफनाक ट्रेंड सामने आया है। प्रदेश में अब पतिदेव अपने ही घर में सुरक्षित नजर नहीं आ रहे हैं। इस साल जनवरी से 10 जुलाई 2026 के बीच महज छह महीनों के भीतर एमपी में 15 से अधिक ऐसे सनसनीखेज मामले सामने आ चुके हैं, जहां पत्नियों पर ही अपने प्रेमियों के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या करने या साजिश रचने के संगीन आरोप लगे हैं।
इन वारदातों ने न सिर्फ कानून व्यवस्था, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक ताने-बाने पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हत्या की इन साजिशों में जहर देने, गला घोंटने से लेकर पेशेवर शूटर्स को लाखों की सुपारी देने और सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े-टुकड़े करने जैसे बेहद क्रूर तरीके अपनाए जा रहे हैं।
हालिया वारदातें, जो बयां कर रही हैं खौफनाक हकीकत
रीवा 10 जुलाई: सतना निवासी विपिन यादव का शव एक खेत से बरामद हुआ। जांच में खुलासा हुआ कि विपिन की हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी।
पन्ना 1 जुलाई: संजय मिश्रा का शव एक निर्माणाधीन पुल के नीचे मिला। पुलिस तफ्तीश में हत्या की मुख्य सूत्रधार पत्नी और उसका प्रेमी ही निकले।
नरसिंहपुर 30 जून: हाईवे किनारे मिले तुलसीराम के शव के मामले में भी पुलिस ने जांच के बाद पत्नी और उसके प्रेमी को ही हत्या का आरोपी बनाया है।
वारदात के चार केस, जिन्होंने हिलाकर रख दिया
धार: सुपारी मसाला कारोबारी देवकृष्ण पुरोहित की घर में सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पत्नी प्रियंका ने शुरुआत में इसे लूट की वारदात बताने की कोशिश की। लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि प्रियंका का कमलेश पुरोहित नामक शख्स से प्रेम संबंध था। दोनों ने देवकृष्ण को रास्ते से हटाने के लिए 1 लाख रुपए में शूटर हायर किया था। वारदात की रात पत्नी ने खुद घर का दरवाजा खुला छोड़ा था।
सडक़ हादसा नहीं मर्डर था, 15 लाख में तय हुए थे शूटर
राऊ क्षेत्र के प्रॉपर्टी और रेत कारोबारी नवीन पाटीदार की मौत को पहले सडक़ हादसा माना गया, लेकिन पोस्टमॉर्टम में गोली लगने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार नवीन की पत्नी भारती पाटीदार और उसके कथित प्रेमी राहुल उइके ने मिलकर देवास व उज्जैन के शूटर्स को 15 लाख रुपए की सुपारी दी थी। रेकी करने के बाद नवीन की हत्या की गई और उसे हादसे का रूप देने की नाकाम कोशिश की गई।
शराब पिलाकर सिर पर दे मारा पत्थर
उन्हेल में 42 वर्षीय किसान भारत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी सोनाकुंवर और पड़ोसी जितेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों के बीच 5 साल से प्रेम संबंध थे। खेती की जमीन बेचने और घरेलू विवाद के चलते 29 मई की रात भारत सिंह को खेत पर ले जाकर शराब पिलाई गई और फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई।
गला घोंटा, शव के टुकड़े किए और दफनाया
भानपुरा में धनराज नाथ 39 की गुमशुदगी के मामले में जो सच सामने आया, उसने सबके होश उड़ा दिए। पत्नी धापू बाई ने अपने प्रेमी पंकज चौधरी के साथ मिलकर 10 अप्रैल की रात धनराज की गला घोंटकर और धारदार हथियार से हत्या की। पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े किए, उन्हें जलाने की कोशिश की और बाद में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर अवशेषों को दफना दिया।



