छत्तीसगढ़ कांग्रेस की दिल्ली में बड़ी बैठक आज, राहुल और खडग़े के साथ बनेगा आंदोलनों का मास्टर प्लान

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता आज दिल्ली में पार्टी आलाकमान के साथ भविष्य की रणनीति तैयार करेंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में शाम 5 बजे होने वाली इस अहम बैठक की अध्यक्षता लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश के बड़े नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनके अलावा प्रदेश संगठन के कई अन्य पदाधिकारी भी बैठक का हिस्सा बनेंगे।
इन मुद्दों पर रहेगा फोकस बैठक में मुख्य रूप से आगामी दिनों में होने वाले विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों की रूपरेखा तय की जाएगी। मनरेगा और एसआईआर जैसे विषयों पर सरकार को घेरने की रणनीति। पार्टी के भीतर खाली पदों पर नियुक्तियों और संगठन को मजबूती देने पर चर्चा। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और जिलों में पार्टी की पकड़ मजबूत करना।
रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे
सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज अब तक के कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट राहुल गांधी के सामने पेश करेंगे। वहीं भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के अनुभवों का उपयोग जनता के बीच पार्टी की पैठ बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
आंदोलन की नई राह
इस बैठक के बाद छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की राजनीतिक सक्रियता और बढऩे की उम्मीद है। बैठक खत्म होने के बाद पार्टी राज्य स्तर पर बड़े आंदोलनों और धरने की तारीखों का ऐलान कर सकती है। माना जा रहा है कि यह बैठक छत्तीसगढ़ में विपक्ष की भूमिका को और अधिक आक्रामक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।



