पुलिस बुकमध्यप्रदेशमुद्दा गरम है

दिवाली की रात देशभर में आग का तांडव, मप्र में 12 समेत 16 की मौत, भोपाल में तीसरी मंजिल पर फंसे परिवार का रस्सी से रेस्क्यू

भोपाल। दिवाली की रात पटाखों और शॉर्ट सर्किट सहित अन्य कारणों से देश के कई शहरों में भीषण आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में अब तक 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल और कुछ लापता हैं। सबसे अधिक जनहानि मध्य प्रदेश में हुई है, जहां कटनी और सिवनी जिलों में हुए दो अलग-अलग हादसों में 12 लोगों की जान चली गई। वहीं राजधानी भोपाल के घोड़ा निकास इलाके में भी एक दुकान में लगी भीषण आग से हडक़ंप मच गया, जहां स्थानीय लोगों की बहादुरी से तीन लोगों की जान बचाई जा सकी।
भोपाल: 40 फीट की ऊंचाई से रस्सी के सहारे बचाई तीन जानें
राजधानी भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित घोड़ा निकास इलाके में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अजय रैकवार के मकान के निचले हिस्से में स्थित प्रेम मंगानी की सुपारी सेंटर एवं किराना दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। इसी इमारत में प्रेम लॉज भी संचालित होता है।
धुएं में फंसा परिवार
दुकान संचालक प्रेम मंगानी शाम करीब 7 बजे पूजा-अर्चना करने के बाद दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसके कुछ ही देर बाद दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत की तीसरी मंजिल पर रह रहा एक परिवार धुएं और आग के बीच फंस गया।
मोहल्ले वालों ने दिखाया साहस
करीब 40 फीट की ऊंचाई पर फंसे परिवार के तीन सदस्यों ने मदद की गुहार लगाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के लोग तुरंत आगे आए। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना रस्सियों के सहारे एक जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों सदस्यों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
लाखों के नुकसान की आशंका
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। प्रारंभिक आकलन में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
मप्र के कटनी और सिवनी में सबसे बड़ा हादसा
कटनी: एक मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में महज 2 महीने का एक मासूम बच्चा भी शामिल है।
सिवनी: यहां एक सराफा व्यापारी के मकान में आग लगने से 6 लोगों की जान चली गई।
देश के अन्य राज्यों में भी आगजनी की बड़ी घटनाएं
राजस्थान पाली: पटाखों की एक दुकान में आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग अभी भी लापता हैं। इस हादसे में तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए।
दिल्ली नरेला: पटाखा जलाते समय एक रॉकेट 10 साल के बच्चे के पेट में जा लगा, जिससे उसकी मौत हो गई।
महाराष्ट्र मुंबई, पुणे और ठाणे: मुंबई के लोखंडवाला में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि डोंगरी इलाके में कई दुकानें और झुग्गियां जल गईं। दादर के कामगार स्टेडियम में लगी आग को दमकलकर्मियों ने 17 मिनट में बुझा लिया। पुणे में आग लगने की कुल 63 घटनाएं दर्ज की गईं जिनमें वडगांव शेरी का एक अपार्टमेंट भी शामिल है, हालांकि वहां कोई जनहानि नहीं हुई। ठाणे की एक 17 मंजिला इमारत और नागपुर के एक टीवीएस शोरूम में भी आग लगने से भारी नुकसान हुआ।
उत्तर प्रदेश और अन्य शहर: यूपी के बांदा में एक कबाड़ की दुकान में आग लगने से करीब 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा जम्मू के नेहरू मार्केट में 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं। असम के जोनाई, सिक्किम के गंगटोक सरकारी आवास और गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में भी आगजनी की घटनाओं पर दमकल विभाग ने काबू पाया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!