पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

बीजेपी नेताओं पर अब नहीं बरसेंगे जेसीबी से फूल…

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नए मध्य प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए वीआईपी कल्चर और दिखावे की राजनीति पर पूरी तरह से लगाम लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट शब्दों में कहा है कि स्वागत-सत्कार के नाम पर जेसीबी से फूल बरसाने की संस्कृति को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए।
संगठनात्मक दौरे पर भोपाल पहुंचे बिप्लब देब ने प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और मोर्चों के अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने नेताओं को सादगी अपनाने की सलाह दी।
दिखावे और वीआईपी कल्चर पर कड़ा रुख
भाजपा प्रभारी ने कहा कि बड़ी-बड़ी मालाओं और जेसीबी से फूल बरसाने जैसे दिखावे की पार्टी में कोई जगह नहीं है। नेताओं को खुद का प्रचार करने के बजाय केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि होर्डिंग और बैनर पर नेताओं की बड़ी-बड़ी तस्वीरों के स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए ताकि आम जनता को उनका लाभ मिल सके।
तीन महीने में गुटबाजी और नाराजगी खत्म करने का अल्टीमेटम
बिप्लब देब ने संभाग और जिला प्रभारियों को पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी और नेताओं की नाराजगी को अगले तीन महीने के भीतर सुलझाने का लक्ष्य दिया है। उन्होंने कहा कि आपसी मतभेद बातचीत से खत्म किए जाएं। यदि समझाने के बाद भी कोई नेता या कार्यकर्ता नहीं मानता है तो उनके नाम और मोबाइल नंबर की सूची सीधे प्रदेश नेतृत्व और प्रभारी को भेजी जाए।
सरकार और संगठन में बेहतर समन्वय पर जोर
पत्रकारों से चर्चा करते हुए बिप्लब देब ने कहा कि भाजपा सत्ता पाने के लिए नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए काम करती है। सरकार की योजनाओं का लाभ निचले स्तर तक पहुंचे, यह देखना संगठन का नैतिक दायित्व है। संगठन और सरकार दोनों मिलकर जनता को सकारात्मक परिणाम देने के लिए काम करेंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!