Worldप्रशासनमध्यप्रदेशमुद्दा गरम है

बर्ड फ्लू पर भोपाल के वैज्ञानिकों का बड़ा प्रहार, देश की पहली स्वदेशी वैक्सीन तैयार, शिवराज सिंह चौहान करेंगे लॉन्च

भोपाल। बर्ड फ्लू के कहर से जूझते पोल्ट्री उद्योग और किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान के वैज्ञानिकों ने मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए देश की पहली स्वदेशी निष्क्रिय वैक्सीन तैयार कर ली है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में इस ऐतिहासिक वैक्सीन को देश को समर्पित करेंगे।
दुनियाभर में क्लेड 2.3.2.1 स्ट्रेन के खिलाफ अब तक कोई व्यावसायिक टीका उपलब्ध नहीं था, जबकि यही स्ट्रेन मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों की वजह बनता है। 2006 में भारत में पहला मामला आने के बाद से देश में 500 से ज्यादा प्रकोप दर्ज हो चुके हैं और पोल्ट्री सेक्टर को हजारों करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है।

6 महीने तक सुरक्षा, संक्रमण का खतरा भी घटेगा
वैज्ञानिकों के मुताबिकए टीकाकरण के 21 दिन बाद मुर्गियों को बूस्टर डोज दिया जाएगा, जिससे 6 महीने तक प्रभावी प्रतिरक्षा मिलती है। परीक्षण में पक्षियों के बीच वायरस का संचरण नहीं देखा गया। संक्रमण रुकने और मुर्गियों को मारने की नौबत न आने से इंसानों और स्तनधारियों में वायरस फैलने का खतरा भी कम होगा। यह टीका खासकर लेयर्स और ब्रीडर्स मुर्गियों के लिए बेहद उपयोगी माना जा रहा है।

8 वैज्ञानिकों की टीम ने रचा इतिहास
सितंबर 2025 में शुरू हुए इस मिशन पर काम कर अगस्त 2026 में वैक्सीन तैयार की गई और जरूरी परीक्षण पूरे हुए। संस्थान के महानिदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल के मार्गदर्शन और डॉ. एस. नागराजन के नेतृत्व में 8 वैज्ञानिकों की टीम ने यह उपलब्धि हासिल की। अब इस तकनीक को एग्री इनोवेट इंडिया के जरिए व्यावसायिक उत्पादन के लिए हस्तांतरित किया जाएगा, जिससे किसानों को जल्द बाजार में टीका उपलब्ध हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!