स्कूल परिसर में धमाके से दहशत, स्कूटी सवार तीन युवकों ने फेंका बम, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

भोपाल। जहां बच्चों के स्कूल में पढ़ाई और मासूम हंसी की गूंज होनी चाहिए, वहां शहडोल में एक स्कूल परिसर तेज धमाके की आवाज से दहल उठा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडव नगर स्थित गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल के भीतर तीन अज्ञात स्कूटी सवार युवकों ने बड़ा पटाखा बम फेंककर धमाका कर दिया। यह पूरी वारदात स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इस घटना के बाद से कई सवाल खड़े हो गए हैं कि स्कूल को निशाना बनाने के पीछे महज हुड़दंग और शरारत थी या इसके पीछे कोई गंभीर इरादा छिपा है।
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक तीन युवक स्कूटी पर सवार होकर स्कूल के सामने पहुंचते हैं। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि युवकों ने पटाखा जलाया और उसे स्कूल की बाउंड्री के भीतर फेंक दिया। पटाखा फेंके जाने के कुछ ही सेकंड बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसकी तेज आवाज से पूरा स्कूल परिसर गूंज उठा।
खिडक़ी टूटी, शिकायत के बाद पुलिस हरकत में
धमाके की तीव्रता के चलते स्कूल की एक खिडक़ी टूट गई और अन्य नुकसान की बात भी सामने आई है। घटना से स्कूल प्रबंधन और आसपास के लोगों में हडक़ंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी सवार तीनों युवकों की पहचान करने और उन्हें पकडऩे में जुटी है।



