मप्र के नए डीजीपी की दौड़ में तीन नाम तय, वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का पैनल तैयार

भोपाल। मध्य प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक के चयन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। शुक्रवार 20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित संघ लोक सेवा आयोग की पैनल कमेटी की बैठक में प्रदेश के अगले पुलिस मुखिया के लिए तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम तय कर दिए गए हैं। इस पैनल में वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम शामिल है। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन तीनों अधिकारियों में से किसी एक को मध्य प्रदेश का नया डीजीपी चुनेंगे।
जानकारी के अनुसार प्रदेश के वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में नए डीजीपी 1 दिसंबर से औपचारिक रूप से प्रदेश पुलिस की कमान संभालेंगे।
दिल्ली में हुई यूपीएससी की अहम बैठक
नए डीजीपी के चयन को लेकर 20 नवंबर को दिल्ली में यूपीएससी की पैनल कमेटी की बैठक हुई। बैठक में मध्य प्रदेश सरकार की ओर से भेजे गए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों और उनके सेवा रिकॉर्ड पर विस्तार से विचार किया गया। वरिष्ठताए अनुभव और आयोग के निर्धारित मानकों के आधार पर मंथन के बाद तीन अधिकारियों का अंतिम पैनल तैयार कर राज्य सरकार को भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
सरकार ने भेजे थे 12 नाम, 11 पर हुआ विचार
इससे पहले राज्य सरकार ने वरिष्ठता क्रम के अनुसार 12 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे थे। इस सूची में वरुण कपूर, उपेंद्र जैन, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, आदर्श कटियार, जी अखेतो सेमा, अनिल कुमार, रवि गुप्ता, अनंत कुमार सिंह, मनमीत नारंग, राजाबाबू सिंह और डीपी गुप्ता के नाम शामिल थे।
हालांकि चयन प्रक्रिया के दौरान आईपीएस अधिकारी जी अखेतो सेमा ने अपना नाम वापस लेने के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा था। उनके नाम वापस लेने के बाद शेष 11 अधिकारियों के नामों पर ही यूपीएससी कमेटी ने विचार किया और उनमें से शीर्ष तीन नामों का चयन किया।
अब मुख्यमंत्री के फैसले पर टिकी निगाहें
यूपीएससी की ओर से तीन नामों का पैनल तय होने के बाद अब अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पाले में है। प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री अगले एक-दो दिनों में इन तीनों वरिष्ठ अधिकारियों में से किसी एक के नाम पर अंतिम मुहर लगा सकते हैं। इसके बाद गृह विभाग की ओर से नए डीजीपी की नियुक्ति के औपचारिक आदेश जारी किए जाएंगे, जो 1 दिसंबर को अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।



