नर्मदा किनारे शराब पीते युवकों का वीडियो वायरल, हिंदू संगठनों ने की कार्रवाई की मांग

भोपाल। धार्मिक और पवित्र नगरी नर्मदापुरम में एक बार फिर मां नर्मदा के घाट की पवित्रता को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आया है। प्रसिद्ध सेठानी घाट से कुछ ही दूर स्थित गोल घाट के पास नर्मदा नदी के किनारे तीन युवकों द्वारा खुलेआम शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है।
वायरल वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताते हुए हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि आलोक शर्मा और धीरज चौकसे ने कहा कि पावन नर्मदा तट पर इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि नदी किनारे शराब पीने से माँ नर्मदा की पवित्रता तो प्रभावित होती ही है साथ ही वहां आने वाली महिलाओं और श्रद्धालुओं को भी भारी असुविधा व असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। संगठनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि दोबारा ऐसी पुनरावृत्ति न हो।
5 किलोमीटर के दायरे में शराब बिक्री पर है रोक
नियमों के मुताबिक नर्मदा नदी के तट से 5 किलोमीटर के दायरे में शराब बेचने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। यही वजह है कि नर्मदापुरम शहर के भीतर कोई भी अधिकृत शराब दुकान नहीं है। इसके बावजूद शहर में अवैध रूप से शराब की बिक्री और सेवन धड़ल्ले से जारी होने के आरोप लग रहे हैं। खुले में शराब पीने पर सख्त प्रतिबंध होने के बावजूद प्रशासन की नजरों से बचकर घाटों के किनारे इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
पुलिस ने शुरू की पहचान की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस हरकत में आ गई है। कोतवाली थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि वीडियो कब का है और उसमें शराब पीते हुए नजर आ रहे लोग कौन हैं। युवकों की पहचान होते ही उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



