कांग्रेस में नहीं होगी दलबदलू नेताओं की घर वापसी…

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में दलबदलू नेताओं की वापसी को लेकर पार्टी का रुख अब पूरी तरह साफ हो गया है। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायकों की घर वापसी पर पार्टी के जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों ने कड़ी असहमति जताई है। सभी ने एक स्वर में कहा है कि जो लोग बुरे वक्त में पार्टी छोडक़र चले गए, उन्हें वापस लेने का कोई फायदा नहीं है।
शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर और इंदौर संभाग के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विधानसभा प्रभारियों के साथ मैराथन बैठक की। इस दौरान संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ-साथ दलबदलुओं की घर वापसी के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा हुई, जहां स्थानीय नेताओं ने साफ तौर पर ऐसे नेताओं को पार्टी में फिर से शामिल करने से इनकार कर दिया।
प्रभारियों को हिदायत, बॉस बनकर न जाएं, परिणाम दें
बैठक के दौरान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पदाधिकारियों और प्रभारियों को कड़ी नसीहत देते हुए कहा कि वे जिलों और विधानसभाओं में बॉस बनकर न जाएं, बल्कि समन्वय स्थापित कर काम करें। उन्होंने साफ किया कि केवल चार लोगों के साथ बैठकर फोटो खींचकर भेज देने से संगठन का काम नहीं चलेगा। प्रदेश कार्यालय के पास हर नेता और पदाधिकारी के काम का पूरा रिकॉर्ड है।



