सीहोर में मनाया गया पुलिस स्मृति दिवस, देश के लिए जान न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

सीहोर। पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले देश भर के अमर पुलिस जवानों और अधिकारियों को नमन कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने पुलिस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 67 वर्ष पूर्व 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र हॉट स्प्रिंग में 16 हजार फट की ऊंचाई पर तैनात सीआरपीएफ की एक गश्ती टुकड़ी पर चीनी सेना ने घात लगाकर हमला किया था।
सीमित संसाधनों के बावजूद हमारे जवानों ने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया और चीनी सेना का डटकर मुकाबला करते हुए अंतिम सांस तक अपनी पोस्ट नहीं छोड़ी। मातृभूमि की रक्षा करते हुए सीआरपीएफ के 10 शूरवीर जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उन्हीं अमर बलिदानियों की स्मृति में हर साल 21 अक्टूबर को देश भर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

देश भर के 154 और मप्र के 9 जवानों को किया गया नमन
एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने पिछले एक साल 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक के दौरान देश भर में कर्तव्य पथ पर शहीद हुए राज्य पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस बलों और अन्य पुलिस संगठनों के 154 अधिकारियों व कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। इन अमर बलिदानियों में मध्यप्रदेश पुलिस के 09 वीर जवान भी शामिल हैं, जिन्हें कार्यक्रम में विशेष रूप से नमन किया गया।
परेड और दो मिनट का मौन रखकर दी गई सलामी
स्मृति दिवस पर आयोजित भव्य परेड की कमान सूबेदार अजय भिरे और पीसी गणेश सिंह डामोर ने संभाली। परेड में शामिल प्लाटूनों ने शोक शस्त्र की कार्यवाही कर अमर शहीदों को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर वीरगति प्राप्त जवानों को याद किया।
अधिकारियों ने अर्पित किए पुष्पचक्र
इस श्रद्धांजलि सभा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल, कलेक्टर बालागुरु के., द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश महेश वर्मा, जिला रजिस्ट्रार अरविंद सिंह गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड नीलमड़ी, एसडीओपी प्रेमनारायण गोयल, डीएसपी प्रवीण चढ़ोकर, रक्षित निरीक्षक उपेंद्र यादव सहित जिले के तमाम पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद स्मारक पर पहुंचकर पुष्पचक्र और पुष्पांजलि अर्पित की और शहीदों के बलिदान को याद किया।



