मोहन सरकार का नया फ्लाइंग पैलेस, 350 करोड़ का लग्जरी जेट भोपाल पहुंचा, खासियत जानकर उड़ जाएंगे होश

भोपाल. मध्य प्रदेश की मोहन सरकार के बेड़े में अब एक और वीआईपी परिंदा शामिल हो गया है. जी हां एमपी सरकार का नया और बेहद लग्जरी जेट विमान बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 आखिरकार राजधानी भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंच गया है.
इसकी मूल कीमत भले ही 268 करोड़ रुपए थी, लेकिन टैक्स, बीमा और शानदार इंटीरियर को मिलाकर इसकी कुल लागत करीब 350 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है यानी इस पर 82 करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च हुए हैं. कनाडा के टोरंटो से शुरू हुआ यह सफर जापान और बैंकॉक के रास्ते सोमवार को दिल्ली पहुंचा और फिर वहां से भोपाल लैंड कर गया.
अब जरा मोहन सरकार के इस उड़ते हुए फाइव स्टार होटल की ताकत भी जान लीजिए. साल 2026 में बने इस दो इंजन वाले विमान में क्रू मेंबर समेत कुल 10 लोगों के बैठने की क्षमता है. यह आसमान में 35 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है और इसका केबिन पूरी तरह वॉयस कंट्रोल्ड यानी आवाज से नियंत्रित होने वाला है.
इसकी रफ्तार इतनी तेज है कि 882 किलोमीटर प्रति घंटे की मैक्सिमम स्पीड से यह भोपाल से दिल्ली की दूरी मात्र 40 मिनट में तय कर सकता है. सबसे मजेदार बात यह है कि यह बिना कहीं रुके सीधे भोपाल से सिंगापुर तक की उड़ान भर सकता है, क्योंकि बिना ईंधन भरे यह 6297 किलोमीटर की दूरी तय करने में सक्षम है.
हालांकि, आसमान में इसकी नियमित उड़ान शुरू होने में अभी करीब 45 दिन का वक्त लगेगा. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की टीम भोपाल आकर इसकी तकनीकी जांच और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करेगी साथ ही अनुबंध के मुताबिक निर्माता कंपनी एक साल तक इसका मुख्य पायलट उपलब्ध कराएगी, जबकि राज्य सरकार के पायलट उनके साथ सहायक की भूमिका में नजर आएंगे.



