सीएम डॉ. यादव के शहडोल दौरे से पहले गरमाई सियासत, कांग्रेस ने दी काले झंडे दिखाने की चेतावनी

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित शहडोल दौरे से ठीक पहले सियासी पारा काफी चढ़ गया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री के आगमन पर काले झंडे दिखाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है, जिससे जिला प्रशासन और पुलिस महकमे की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में हुई वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। कांग्रेस का आरोप है कि राज्य की भाजपा सरकार किसान और जनविरोधी नीतियों पर चल रही है। इसके अलावा कथित वोट चोरी, बेकाबू होती महंगाई, बेरोजगारी और शहडोल जिले में कानून-व्यवस्था के बदहाल हालात के विरोध में मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाए जाएंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक जिलेभर के कांग्रेसी पहले कांग्रेस भवन में इक_ा होंगे और वहां से मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम स्थल की तरफ कूच करेंगे।
पिछली बार भी हुआ था हंगामा
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के पिछले शहडोल दौरे के दौरान भी ऐसा ही वाकया देखने को मिला था। तब कांग्रेस कार्यकर्ता अचानक मुख्यमंत्री के काफिले के पास काले झंडे लेकर पहुंच गए थे, जिससे भारी तनाव की स्थिति बन गई थी। उस वक्त तत्कालीन कलेक्टर केदार सिंह को खुद मोर्चा संभालना पड़ा था। एक बार फिर उसी तरह के विरोध के ऐलान ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क कर दिया है।
बाणगंगा मैदान में होना है मुख्य कार्यक्रम
एक तरफ जहां कांग्रेस विरोध प्रदर्शन की तैयारी में है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वागत और विकास कार्यों की पुख्ता तैयारियां चल रही हैं। 25 अक्टूबर को अपने एक दिवसीय शहडोल दौरे के दौरान मुख्यमंत्री बाणगंगा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बोनस वितरण: छह जिलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से बोनस राशि भेजी जाएगी।
विकास कार्यों की सौगात: करीब 400 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा।
प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
सरकार जहां एक ओर विकास कार्यों और जनता को हितलाभ बांटने की तैयारी में जुटी है, वहीं कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन इस दौरे को एक बड़ी सियासी परीक्षा बना रहा है। इस पूरे घटनाक्रम पर बात करते हुए शहडोल के कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने कहा है कि प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।



