सीएम डॉ. यादव के प्रयासों से इंदौर को मिली सेमीकंडक्टर हब की सौगात

भोपाल। मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास, तकनीकी नवाचार और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है। इंदौर के ब्रिलियन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय मध्य प्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 के पहले दिन मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सामने एक बड़ी सफलता आई, जब वैश्विक कंपनी ट्रचिप सॉल्यूशंस ने इंदौर में सेमीकंडक्टर डिजाइन सेवा केंद्र स्थापित करने के लिए 10 करोड़ रुपये के निवेश का आधिकारिक प्रस्ताव रखा।
समिट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से ट्रचिप सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ नितिन किशोर और रणवीर सिंह ने मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय भेंट के तुरंत बाद मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंपनी को इंदौर के परदेशीपुरा स्थित आईटी पार्क-4 में 2500 वर्ग फीट जगह आवंटित करने का आशय पत्र प्रदान कर दिया।
उद्योगपतियों को मुख्यमंत्री का बड़ा भरोसा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार प्रदेश में उद्योग और तकनीक आधारित नवाचार को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की औद्योगिक नीतियों के तहत निवेशकों को हरसंभव सहयोग, आवश्यक बुनियादी सुविधाएं और विशेष प्रोत्साहन दिए जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कंपनी प्रतिनिधियों को आगामी जनवरी माह में आयोजित होने वाले श्ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए भी विशेष रूप से आमंत्रित किया है।
वैश्विक स्तर पर पहचान रखती है ट्रचिप
वर्ष 2010 में स्थापित ट्रचिप सॉल्यूशंस सेमीकंडक्टर आईपी और वेरिफिकेशन आईपी के क्षेत्र में एक अग्रणी वैश्विक कंपनी है। यह कंपनी पीसीआईई, यूएसबी, डीडीआर जैसे उन्नत प्रोटोकॉल्स के लिए अपनी सेवाएं देती है। साथ ही इसकी सहयोगी इकाई फ्यूचरविज वीएलएसआई प्रशिक्षण के क्षेत्र में सक्रिय है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल से स्थापित होने जा रहे इस नए केंद्र से मध्य प्रदेश के युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में बेहतरीन रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त होंगे।



