क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ…

भोपाल। इंदौर के प्रसिद्ध क्रिसेंट वॉटर पार्क और उससे लगे उमरिया खुर्द गांव के आसपास पिछले कुछ दिनों से दहशत का पर्याय बने तेंदुए को आखिरकार शनिवार को पकडऩे में वन विभाग को बड़ी सफलता मिल गई है। विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक स्वस्थ नर तेंदुआ कैद हो गया है। हालांकि एक तेंदुआ पकड़े जाने के बाद भी ग्रामीणों की चिंता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है, क्योंकि गुरुवार को दिखाई दिए घायल तेंदुए को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है।
बता दें क्रिसेंट वॉटर पार्क के नजदीक उमरिया खुर्द गांव में पिछले दिनों तेंदुआ देखे जाने के बाद से ही स्थानीय लोगों में हडक़ंप मच गया था। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने तुरंत मोर्चा संभाला और वॉटर पार्क के आसपास के इलाकों में पिंजरे और कैमरे लगाकर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार को भूखा और भोजन की तलाश में भटक रहा एक तेंदुआ आखिरकार विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे के पास आ पहुंचा और उसमें कैद हो गया।
स्वस्थ पाया गया तेंदुआ, जंगल में छोडऩे की तैयारी
पिंजरे में कैद होने के बाद वन विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसकी जांच की। डीएफओ लाल सुधाकर सिंह के अनुसार पकड़ा गया तेंदुआ पूरी तरह से स्वस्थ है और वह एक नर तेंदुआ है। विभाग की पहली प्राथमिकता ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ वन्यजीव को भी सुरक्षित रखना है। इसी के चलते अब इस स्वस्थ तेंदुए को आबादी वाले क्षेत्र से दूर किसी घने जंगल में छोडऩे की प्रक्रिया की जा रही है।
घायल तेंदुए को लेकर अब भी बरकरार है डर
क्रिसेंट वॉटर पार्क क्षेत्र में भले ही एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया हो, लेकिन ग्रामीणों की धडक़नें अभी भी थमी नहीं हैं। वजह यह है कि गुरुवार को इसी इलाके में एक ग्रामीण के घर के पास जो तेंदुआ देखा गया था, उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान और खून नजर आया था। ग्रामीणों को आशंका है कि पिंजरे में पकड़ा गया स्वस्थ तेंदुआ और गुरुवार को देखा गया घायल तेंदुआ कोई अलग-अलग वन्यजीव हो सकते हैं। ऐसे में यदि दूसरा घायल तेंदुआ अब भी इलाके में घूम रहा हैए तो खतरा टला नहीं है।
वन विभाग की टीमें अभी भी क्षेत्र में सक्रिय
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग का अमला अभी भी पूरी तरह सतर्क है। विभाग की टीमें क्रिसेंट वॉटर पार्क और उमरिया खुर्द के आसपास के जंगलों में लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दूसरा तेंदुआ इलाके में मौजूद है या नहीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अभी भी रात के समय एहतियात बरतें और अकेले बाहर निकलने से बचें।



