केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी 31 अक्टूबर को दाखिल करेंगे नामांकन

भोपाल। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई मध्य प्रदेश कोटे की राज्यसभा सीट पर अब केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के जाने का रास्ता साफ हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संगठन ने बुधवार को उनके नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार हरदीप सिंह पुरी 30 अक्टूबर को भोपाल पहुंचेंगे और अगले दिन यानी 31 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
गौरतलब है कि हरदीप सिंह पुरी का वर्तमान में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा का कार्यकाल आगामी 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। ऐसे में पार्टी ने उन्हें मध्य प्रदेश कोटे से उच्च सदन भेजने का निर्णय लिया है।
घोषणा से पहले ही खरीद लिया गया था नामांकन पत्र
नाम की आधिकारिक घोषणा होने से पहले ही भाजपा पूरी तरह से सक्रिय नजर आई। बुधवार सुबह ही भाजपा के चुनाव कार्य प्रभारी एसएस उप्पल ने विधानसभा स्थित रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र खरीद लिया था। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी की तरफ से अभी तक नामांकन पत्र नहीं खरीदा गया है।

भाजपा की स्थिति मजबूत
मध्य प्रदेश विधानसभा के संख्याबल को देखा जाए तो इस चुनाव में भाजपा की जीत बेहद आसान नजर आ रही है। राज्यसभा सीट जीतने के लिए कुल 115 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है। वर्तमान में विधानसभा की गणित पर नजर डालें तो भारतीय जनता पार्टी पार्टी के पास बागी विधायक निर्मला सप्रे समेत कुल 165 विधायक हैं। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के पास 65 विधायक हैं। आंकड़ों के स्पष्ट बहुमत को देखते हुए हरदीप सिंह पुरी का मध्य प्रदेश से निर्विरोध राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।



