भोपाल से 1 मिनट बाद सीहोर में हो जाएंगे चांद के दीदार…

सीहोर। अखंड सौभाग्य के पर्व करवा चौथ पर इस बार सुहागिनों को चांद के दीदार के लिए मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में थोड़ा इंतजार करना होगा। भौगोलिक स्थिति के कारण प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी छोर के बीच चंद्रोदय के समय में करीब 40 मिनट का बड़ा अंतर देखने को मिलेगा। राजधानी भोपाल और इससे सटे सीहोर जिले की बात करें तो भोपाल के ठीक 1 मिनट बाद ही सीहोर में चांद अपनी चांदनी बिखेर देगा।
खगोलीय विश्लेषण के अनुसार राजधानी भोपाल में रात 8.26 बजे चांद निकलेगा, जबकि इसके ठीक 1 मिनट बाद यानी सीहोर में रात 8.27 बजे सुहागिनें चांद के दर्शन कर सकेंगी। समय के इस मामूली अंतर के चलते दोनों जिलों की महिलाओं में व्रत खोलने को लेकर खासा उत्साह रहेगा।
पूर्व से पश्चिम तक 40 मिनट का अंतर
विज्ञान प्रसारक और नेशनल अवॉर्ड प्राप्त सारिका घारू के खगोलीय विश्लेषण के मुताबिक मध्य प्रदेश का पूर्व से पश्चिम तक का भौगोलिक विस्तार काफी बड़ा है, जिसके कारण हर जिले में चंद्रोदय के समय में विविधता रहती है। प्रदेश के पूर्वी छोर पर स्थित सिंगरौली में सबसे पहले रात 8.01 बजे चांद नजर आएगा, जबकि पश्चिमी छोर पर स्थित आलीराजपुर में सबसे अंत में रात 8.41 बजे चांद दिखाई देगा। इस तरह पूरे प्रदेश में चांद निकलने के समय में कुल 40 मिनट का अंतर रहेगा।
प्रमुख जिलों में चंद्रोदय का संभावित समय
सिंगरौली: रात 8.01 बजे
रीवा: रात 8.06 बजे
जबलपुर: रात 8.16 बजे
भोपाल: रात 8.26 बजे
सीहोर: रात 8.27 बजे
इंदौर: रात 8.34 बजे
आलीराजपुर: रात 8.41 बजे
दुर्लभ संयोग, बरसेगी विशेष कृपा
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार आज इस खास दिन पर रोहिणी और मृगशिरा नक्षत्र के साथ शिवयोग का बेहद दुर्लभ और शुभ संयोग बन रहा है। इस दौरान चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृषभ में विराजमान रहेंगे। पं. सुनील शर्मा का कहना है कि यह खगोलीय और ज्योतिषीय संयोग दांपत्य जीवन में आपसी प्रेम, विश्वास और प्रीति को बढ़ाने वाला माना गया है, जिससे व्रती महिलाओं के लिए यह दिन और भी ज्यादा खास हो गया है।



