पॉलिटिकल तड़काप्रशासनमध्यप्रदेश

सीएम डॉ. यादव बोले- 2047 तक इंदौर-उज्जैन-भोपाल क्षेत्र में सृजित होंगे 20 लाख रोजगार, 15 नई टाउनशिप होंगी विकसित

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक, निवेश-अनुकूल और नागरिक-केंद्रित बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इंदौर, उज्जैन और भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। वर्ष 2047 तक इस क्षेत्र में लगभग 20 लाख रोजगार के अवसर सृजित करने, 12 से 15 नई टाउनशिप विकसित करने और 25 से 30 हजार एकड़ क्षेत्र में नियोजित शहरी विकास का लक्ष्य तय किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने निवेशकों के साथ वन-टू-वन चर्चा की और प्रदेश में शहरी विकास, आधुनिक अधोसंरचना, जल सुरक्षा और किफायती आवास से जुड़ी कई सौगातें दीं।
विकास की रूपरेखा और नई नीतियां जारी

कॉन्क्लेव के दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।
नीतियों के ड्रॉफ्ट जारी: जल संरक्षण और उपचारित पानी के पुनर्चक्रण के लिए ट्रीटेड वेस्ट वॉटर पॉलिसी.2026 और किफायती आवास के लिए अर्बन अफोर्डेबल हाउसिंग एंड हैबिटेट पॉलिसी.2026 के ड्रॉफ्ट जारी किए गए।
2013 करोड़ के वित्तीय समझौते: शहरी अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं के लिए अर्बन चैलेंज फंड के तहत समझौते किए गए। उज्जैन, इंदौर और रीवा में जल प्रदाय एवं सीवरेज प्रोजेक्ट्स के लिए बैंकों के साथ 2013 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण अनुबंध हुए।
नीति आयोग की रिपोर्ट का विमोचन: मुख्यमंत्री ने नीति आयोग की इंदौर आर्थिक क्षेत्र 2047 की रिपोर्ट का विमोचन किया, जिसका उद्देश्य मालवा-निमाड़ के 8 जिलों की अर्थव्यवस्था को 500-600 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।
निवेश और औद्योगिक विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में मध्यप्रदेश अहम योगदान दे रहा है। उज्जैन में महाकाल महालोक के निर्माण से धार्मिक पर्यटन तेजी से बढ़ा है, जिससे होटल, परिवहन और रियल एस्टेट सेक्टर में रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। कॉन्क्लेव के दौरान सीएम ने डेला ग्रुप, सोलर एनर्जी कंपनियों और विभिन्न निवेशकों के साथ लंबी चर्चा की और भोपाल में प्रस्तावित 2250 करोड़ की डेला रेसकोर्स परियोजना समेत कई निवेश प्रस्तावों पर विचार किया। इस कॉन्क्लेव में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी सहित देश-विदेश के कई उद्योगपति और निवेशक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!