पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

देवास जहरीली शराब कांड: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पहुंचे ग्राम चंदाना, पीडि़तों के परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार देवास जिले के ग्राम चंदाना पहुंचे, जहां वह जहरीली शराब पीने से हुई दर्दनाक मौतों के मामलों में पीडि़त परिवारों से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस मुश्किल समय में हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
मुलाकात के दौरान कांग्रेस विधायक दल की तरफ से मृतकों के प्रत्येक परिवार को 50 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई। नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में पीडि़त परिवारों के साथ पूरी मजबूती और संवेदना के साथ खड़ी है।
सरकार के सामने रखी प्रमुख मांगें
ग्राम चंदाना में परिजनों का दर्द जानने के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए दो प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने मुख्यमंत्री से फोन पर चर्चा कर मांग की कि जहरीली शराब से जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि पीडि़त परिवार अपनी आजीविका फिर से पटरी पर ला सकें। इस गंभीर और अमानवीय घटना के लिए जिम्मेदार दोषियों, अवैध शराब के कारोबारियों और इसमें संलिप्त लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो सके।
अवैध शराब के कारोबार पर उठे गंभीर सवाल
इस दौरे के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध शराब के अवैध कारोबार और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर अपनी पीड़ा साझा की। नेता प्रतिपक्ष ने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार लगातार फल फूल रहा है और शासन-प्रशासन की चुप्पी इसमें मिलीभगत की ओर इशारा करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जहरीली शराब के अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस पार्टी सडक़ से लेकर सदन तक जोरदार आंदोलन करेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!