सीहोर के आकाश चंदेल बने मप्र आपूर्ति अधिकारी संघ के नए प्रांताध्यक्ष, त्रिकोणीय मुकाबले में 138 वोट पाकर दर्ज की एकतरफा जीत

भोपाल। मध्य प्रदेश आपूर्ति अधिकारी संघ भोपाल के प्रांताध्यक्ष पद के लिए आयोजित बहुप्रतीक्षित निर्वाचन का परिणाम घोषित हो गया है। इस बेहद रोमांचक और महत्वपूर्ण चुनाव में सीहोर में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी के पद पर कार्यरत आकाश चंदेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत हासिल की है और संघ के नए प्रांताध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुए हैं। खाद्य विभाग के कार्यपालिक अमले के सदस्यों ने पूरे उत्साह और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ मतदान में हिस्सा लेकर अपने नए नेतृत्व का चुनाव किया।
भोपाल में संपन्न हुए इस चुनाव में कुल तीन प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जब वोटों की गिनती की गई तो शुरुआत से ही आकाश चंदेल ने बढ़त बनाए रखी। आकाश चंदेल विजेता 138 मत, संदीप भार्गव 59 मत, एनएस चंद्रावत 09 मत मिले। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया अत्यंत पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। यह पूरी निर्वाचन प्रक्रिया खाद्य विभाग के निर्वाचन अधिकारियों द्वारा संपन्न कराई गई, जिसकी निगरानी निर्वाचन पर्यवेक्षक आरएस धाकरे के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में की गई थी।
वरिष्ठ अधिकारियों और संगठनों ने दी बधाइयां
नतीजों की घोषणा होते ही प्रांताध्यक्ष निर्वाचित हुए आकाश चंदेल को बधाई देने वालों का तांता लग गया। प्रशासनिक अधिकारियों, विभागीय वरिष्ठों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रमुखों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर और फोन पर शुभकामनाएं दीं।
बधाई देने वाले प्रमुख वरिष्ठ अधिकारी एवं संगठन प्रतिनिधि खाद्य विभाग के प्रशासनिक अधिकारी उप सचिव वीके चंदेल, खाद्य नियंत्रक इंदौर मोहन मारू, अपर संचालक शशांक मिश्रा एवं हरेंद्र सिंह, संघ के पूर्व नेतृत्वकर्ता आपूर्ति अधिकारी संघ के पूर्व प्रांताध्यक्ष सुरेश वर्मा एवं संतोष उईके। अन्य विभागीय संगठन में मध्य प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के पूर्व प्रांताध्यक्ष डीके यादव एवं वर्तमान अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार गांधी, मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग संघ के प्रांताध्यक्ष अनिल वाजपेई तथा मध्य प्रदेश नागरिक आपूर्ति अधिकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र कुमार कोठारी, इसके अलावा खाद्य संचालनालय भोपाल तथा मध्य प्रदेश के सभी जिलों से आए अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की।
कैडर की नई उम्मीदें और प्राथमिकताएं
आकाश चंदेल के प्रांताध्यक्ष बनने से पूरे प्रदेश के आपूर्ति अधिकारियों और कर्मचारियों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। संघ के सदस्यों को उम्मीद है कि नया नेतृत्व कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए तत्परता से कार्य करेगा।संघ के सदस्यों ने अपेक्षा जताई है कि लंबे समय से लंबित वेतन विसंगति के मामले पर शासन स्तर पर प्रभावी बातचीत की जाएगी। अधिकारियों की रुकी हुई पदोन्नति की प्रक्रिया को गति देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों की अन्य न्यायोचित एवं व्यावहारिक मांगों को राज्य सरकार के समक्ष मजबूती के साथ रखा जाएगा।
यह जीत संघ की एकता और विश्वास की जीत
अपनी इस ऐतिहासिक जीत के बाद नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष आकाश चंदेल ने सभी सदस्यों, मतदाताओं और वरिष्ठ अधिकारियों का सहृदय आभार व्यक्त किया। मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा मुझ पर जो विश्वास प्रदेश भर के साथियों ने जताया है, उसके लिए मैं सभी का आभारी हूं। यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि संघ की एकजुटता और सदस्यों के अटूट विश्वास की जीत है। मैं आश्वासन देता हूं कि अधिकारियों के मान-सम्मान, अधिकारों और सेवा संबंधी विषयों पर बिना किसी समझौते के काम किया जाएगा। संघ का कार्य पूरी सेवा भावनाए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ संचालित होगा। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और समस्त सदस्यों के सहयोग से अब मध्य प्रदेश आपूर्ति अधिकारी संघ को एक नई दिशा और अधिक मजबूती मिलने की पूरी संभावना जताई जा रही है।



