धर्म और आस्थापॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

शाजापुर से सारंगपुर के लिए रवाना हुई दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा

यात्रा के सातवें दिन शाजापुर से आगे बढक़र राजगढ़ जिले के सारंगपुर पहुंचेंगे पूर्व मुख्यमंत्री

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा सोमवार 26 अक्टूबर को अपने सातवें दिन में प्रवेश कर गई है। सोमवार सुबह यह पदयात्रा शाजापुर से सारंगपुर के लिए रवाना हुई। साधु-संतों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ दिग्विजय सिंह सनातन धर्म के मूल आदर्शों, धार्मिक स्थलों में दान-चढ़ावे की पारदर्शिता और लोकतंत्र में निष्पक्ष मतदान का संदेश लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार सुबह 8 बजे शाजापुर के एबी रोड स्थित वॉटर पार्क से यात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा उकावता बल्डी और कशिश रेस्टोरेंट होते हुए आगे बढ़ेगी, जहां दोपहर 1 बजे भोजन एवं विश्राम तय किया गया है। दोपहर 3 बजे पदयात्रा राजगढ़ जिले के सारंगपुर नगर में प्रवेश करेगी और बस स्टैंड क्षेत्र से होते हुए आगे बढ़ेगी। शाम 6 बजे पदयात्रा का दैनिक विश्राम होगा। पदयात्रियों के रात्रि भोजन और विश्राम की व्यवस्था सारंगपुर के राठी मांगलिक परिसर में की गई है।

धर्मांधता नफरत फैलाती है, सनातन धर्म प्रेम और करुणा सिखाता है
शाजापुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दिग्विजय सिंह ने अपनी यात्रा के मूल उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रेम, सत्य, सद्भाव, करुणा और दया ही सनातन धर्म का असली आधार हैं। उन्होंने अपने विचार रखते हुए कहा मेरी मां ने मुझे सर्वधर्म समभाव की सीख दी थी। धर्म सभी का आदर करना सिखाता है, जबकि धर्मांधता समाज में नफरत और कटुता को जन्म देती है। धर्म के नाम पर लोगों को आपस में लड़ाना सनातन परंपरा के खिलाफ है।
दिग्विजय सिंह इस यात्रा के जरिए मांग कर रहे हैं कि मंदिरों व धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले दान और चढ़ावे की व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने राम मंदिर चंदा चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता लाकर नागरिकों के वोटों की रक्षा करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

युवा कांग्रेस का मिला भरपूर समर्थन
दिग्विजय सिंह की इस पदयात्रा को भारतीय युवा कांग्रेस का भी पूरा समर्थन मिल गया है। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रभारी शिवी चौहान ने शाजापुर में यात्रा में शामिल होकर युवाओं से इस मुहीम से जुडऩे का आह्वान किया। युवा कांग्रेस प्रभारी शिवी चौहान ने कहा कि यद्यपि यह दिग्विजय सिंह की निजी यात्रा है, लेकिन इसका राष्ट्रीय महत्व बहुत अधिक है क्योंकि वे देश और संविधान की रक्षा के लिए सडक़ पर उतरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह यात्रा उन चंदा चोरों के खिलाफ है जिन्होंने जन-आस्था को ठेस पहुंचाई और उन वोट चोरों के खिलाफ है जो लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की मिट्टी में सभी धर्मों, साधु-संतों और पीर-पैगंबरों का सम्मान निहित है और देश का युवा अब इन मुद्दों पर जागरूक हो रहा है।

उज्जैन महाकाल से अयोध्या तक 930 किलोमीटर का सफर
उल्लेखनीय है कि दिग्विजय सिंह की यह सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा विजयादशमी के शुभ अवसर पर 20 अक्टूबर को उज्जैन स्थित प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर से प्रारंभ हुई थी। लगभग 930 किलोमीटर की यह पैदल यात्रा मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए ओरछा स्थित श्री रामराजा सरकार मंदिर पहुंचेगी और वहां से उत्तर प्रदेश के अयोध्या जाकर संपन्न होगी। इस पूरी यात्रा के माध्यम से दिग्विजय सिंह सीधे आम जनता से संवाद स्थापित कर धार्मिक, सामाजिक और संवैधानिक जवाबदेही के मुद्दों पर जनसमर्थन जुटा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!