
भोपाल। राजधानी के नाथू बरखेड़ा स्थित नवनिर्मित स्टेडियम में चल रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में आज शनिवार 21 नवंबर को दूसरे मैच डे पर रोमांच का ट्रिपल डोज देखने को मिलेगा। दिन भर में एशिया की छह दिग्गज टीमों के बीच तीन बड़े मुकाबले खेले जाएंगे, लेकिन खेल प्रेमियों की सबसे ज्यादा निगाहें शाम 7 बजे होने वाले भारत और कोरिया के हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी रहेंगी।
दोपहर 2.30 बजे: चीन बनाम मलेशिया
4.45 बजे: थाईलैंड बनाम जापान
शाम 7.00 बजे: भारत बनाम कोरिया
रैंकिंग में भारत का पलड़ा भारी
मेजबान भारतीय टीम ने 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ मैच खेलकर अपने अभियान का आगाज किया था। अब टूर्नामेंट के अपने दूसरे मुकाबले में भारत का लक्ष्य कोरिया को मात देकर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना होगा।
आंकड़ों और रैंकिंग की बात करें तो भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आता है। विश्व रैंकिंग में भारत 7वें और कोरिया 15वें स्थान पर है। वहीं एशियाई रैंकिंग में भी भारत दूसरे नंबर पर काबिज है, जबकि कोरिया चौथे स्थान पर है। हालांकि कोरियाई टीम अपने जुझारू खेल और तेज काउंटर अटैक के लिए जानी जाती है, ऐसे में भारतीय खिलाडिय़ों को मैदान पर पूरी सतर्कता के साथ उतरना होगा।
भारत के आगामी मुकाबले
22 नवंबर: भारत बनाम थाईलैंड
24 नवंबर: भारत बनाम चीन
25 नवंबर: भारत बनाम जापान
भोपाल में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट के लीग चरण के सभी मुकाबले 25 नवंबर को समाप्त होंगे। इसके बाद 27 नवंबर को अंक तालिका में टीमों की स्थिति के आधार पर क्लासिफिकेशन मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का ग्रैंड फिनाले यानी ब्रॉन्ज और गोल्ड मेडल के लिए निर्णायक मुकाबले 28 नवंबर को खेले जाएंगे।



