पीएम मोदी ने किया गंगा पर बने सिक्स लेन पुल का उद्घाटन, पूर्व सीएम के नाम पर रखा गया नीतीश सेतु

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार दोपहर बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन किया। इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर नीतीश सेतु रखा गया है। उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार को गले लगाया और उद्घाटन के बाद पुल पर टहलते हुए गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान पीएम ने रिमोट के जरिए 21 विभागों की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया, जिनकी लागत 34,470 करोड़ रुपए से अधिक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेना के विशेष विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पीएम हेलीकॉप्टर से वैशाली के लिए रवाना हुए। स्वागत के लिए जीविका दीदियां बैनर लेकर खड़ी थीं, जिन पर विकास और विश्वास से जुड़े नारे लिखे थे। साथ ही स्थानीय कलाकार पारंपरिक ढोल के साथ पीएम के स्वागत में पहुंचे।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ओपन कार में खड़े होकर सभास्थल पहुंचे, जहां उन्होंने हाथ हिलाकर और गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। कार में उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद थे। मंच पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को मखानों से बनी माला पहनाकर स्वागत किया।
पुल की खासियत
जानकारी के अनुसार नीतीश सेतु की लंबाई 9.7 किलोमीटर है और इसकी एप्रोच रोड 10 किलोमीटर लंबी है। इस सिक्स लेन पुल के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा।
नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी
सीएम सम्राट चौधरी: उन्होंने कहा कि पीएम के नेतृत्व में नीतीश सेतु का उद्घाटन हुआ है और पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया है।
डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी: उन्होंने कहा कि पुल का नाम नीतीश सेतु रखने के निर्णय ने बिहार वासियों के दिल को छूआ है और नीतीश हम सबके दिल में बसते हैं।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान: उन्होंने कहा कि पीएम मोदी उनके संसदीय क्षेत्र में आए और जनता की सालों पुरानी बड़ी मांग को पूरा करते हुए यह पुल बिहारवासियों को समर्पित किया।



