सुबह 5 बजे गरजे 6 बुलडोजर, 15 हजार वर्गफीट जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त

भोपाल। आगामी सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के बीच रेलवे प्रशासन ने उज्जैन में शनिवार सुबह अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। माधव नगर रेलवे स्टेशन के बाहर प्लेटफॉर्म नंबर-8 के पास रेलवे की जमीन पर बने मजार, मस्जिद, शाही मकबरे और अन्य अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया। इस कार्रवाई के बाद रेलवे ने करीब 15 हजार वर्गफीट कीमती जमीन खाली करा ली है, जहां सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने इस अभियान को पूरी गोपनीयता और पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के साथ अंजाम दिया। शनिवार सुबह करीब 5 बजे 6 जेसीबी मशीनें मौके पर पहुंचीं और अतिक्रमण हटाने की शुरुआत की। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर 80 से अधिक आरपीएफ जवानों के साथ स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान एसडीएम पवन बारिया और सीएसपी दीपिका शिंदे सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।
हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने के बाद हुई कार्रवाई
इस कार्रवाई को लेकर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि माधव नगर स्टेशन के पास रेलवे की करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन पर अतिक्रमण था। इस मामले में हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने के बाद ही विधिवत रूप से जमीन खाली कराने की कार्रवाई की गई है। खाली कराई गई इस जगह पर सिंहस्थ के दौरान बाहर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के ठहरने और व्यवस्था के लिए होल्डिंग एरिया तैयार किया जाएगा।
वक्फ कमेटी ने जताया विरोध
दूसरी ओर रेलवे की इस कार्रवाई पर वक्फ कमेटी ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। कमेटी के अध्यक्ष काजी मौलाना आरिफ नदवी ने आरोप लगाया कि रेलवे ने गलत तरीके से एक दर्जन से अधिक मजारों, मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरे और मुतवल्ली के मकान को ध्वस्त कर दिया है।
मौलाना नदवी का कहना है कि इस जमीन से जुड़ा प्रकरण अभी भी भोपाल स्थित वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट में लंबित है। कमेटी ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति को फर्जी किरायेदार बताकर तडक़े कार्रवाई को अंजाम दिया गया जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस कार्रवाई के विरोध में न्यायालय की अवमानना कोर्ट ऑफ कंटेम्प्ट की याचिका दायर करेंगे।



