दिल्ली एनसीआरमध्यप्रदेशमुद्दा गरम हैस्पोर्ट्स

इंदौर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आगाज, वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बैटिंग देखने के लिए फैंस बेताब

भोपाल। क्रिकेट के दीवानों के लिए आज का दिन बेहद रोमांचक होने वाला है। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में शनिवार 14 नवंबर से घरेलू टी-20 का महाकुंभ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का धमाकेदार आगाज हो रहा है। पहले ही दिन शहर के दो प्रमुख मैदान होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज ग्राउंड पर चौके-छक्कों की बारिश होने के लिए कुल चार मुकाबले खेले जाएंगे।
इन सभी मुकाबलों के बीच क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें खासतौर पर एक ऐसे युवा सितारे पर टिकी हैं, जो अपनी तूफानी बल्लेबाजी से दुनिया भर के गेंदबाजों में खौफ पैदा कर चुका है, बिहार टीम के कप्तान और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी।
सुबह 11 बजे होलकर स्टेडियम में उतरेगी बैटिंग की आंधी
आज के दिन का सबसे खास और बहुप्रतीक्षित मुकाबला बिहार और सौराष्ट्र के बीच होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत सुबह 11 बजे होगी। कम उम्र में ही अपनी धाकड़ बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में तहलका मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी जब मैदान पर उतरेंगे तो स्टेडियम में मौजूद हर दर्शक की सांसें उनकी हर गेंद पर टिकी होंगी।
गुरुवार को डेली कॉलेज मैदान पर नेट्स में जमकर पसीना बहाते हुए वैभव ने अपनी फॉर्म और इरादों दोनों का ट्रेलर दिखा दिया है। उनकी आक्रामक शैली और मैदान के चारों और लंबे शॉट खेलने की कला को देखने के लिए इंदौर के स्थानीय फैंस में भारी उत्साह है। सबसे अच्छी बात यह है कि इस रोमांचक मुकाबले का लुत्फ उठाने के लिए दर्शकों को निशुल्क प्रवेश दिया जा रहा है!
टूर्नामेंट में सिर्फ वैभव ही नहीं, बल्कि कई अन्य धुरंधर भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। जम्मू-कश्मीर की ओर से खेलने वाले स्पीड गन उमरान मलिक, जो अपनी 150 किमी-घंटे से ज्यादा की रफ्तार वाली गेंदों से बल्लेबाजों के होश उड़ा देते हैं, होलकर स्टेडियम में अपनी गेंदबाजी का जलवा बिखेरेंगे। पंजाब के विस्फोटक युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के तरकश से निकलने वाले शॉट्स का इंतजार भी फैंस बेसब्री से कर रहे हैं।
मैदान पर पसीना बहाकर तैयार हैं सभी धुरंधर
टूर्नामेंट की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को लगभग सभी टीमों ने जमकर अभ्यास किया। बिहार, सौराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, रेलवे, तमिलनाडु और दिल्ली जैसी दिग्गज टीमों के खिलाडिय़ों ने होलकर और डेली कॉलेज के मैदानों पर अलग-अलग सत्रों में पसीना बहाया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!