पॉलिटिकल तड़काप्रशासनमध्यप्रदेशस्पोर्ट्स

भोपाल में सजेगा महिला एशियन हॉकी का महाकुंभ, मंत्री विश्वास सारंग की पहल पर तैयारियां तेज

भोपाल। राजधानी भोपाल में आगामी 19 नवंबर से शुरू होने वाली प्रतिष्ठित महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को एक भव्य जन-उत्सव का रूप देने के लिए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को टीटी नगर स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में मंत्री विश्वास सारंग ने शहर के तमाम शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ एक उच्चस्तरीय अहम बैठक की, जिसमें आयोजन की रूपरेखा और व्यापक प्रचार-प्रसार पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों और नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि यह चैंपियनशिप केवल एक खेल प्रतियोगिता मात्र नहीं है, बल्कि यह भोपाल की गौरवशाली खेल परंपरा और मध्य प्रदेश की खेल क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को पूरे भोपाल शहर में एक बड़े उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी का भरोसा देते हुए इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह दिखाया।
भोपाल को मिला एफआईएच कैटेगरी.1 सर्टिफिकेट
प्रेस को जानकारी देते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने मध्य प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साझा की। उन्होंने बताया कि भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ से कैटेगरी-1 का सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है।
यह गर्व की बात है कि देश में हैदराबाद के बाद भोपाल दूसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां एफआईएच कैटेगरी.1 प्रमाणित विश्वस्तरीय हॉकी मैदान उपलब्ध है। मंत्री सारंग ने कहा कि यह अत्याधुनिक अधोसंरचना न केवल अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देगी, बल्कि प्रदेश के उभरते खिलाडिय़ों के लिए भी अत्यंत प्रेरणादायी साबित होगी।
19 नवंबर से होगी भिड़ंत, छह देशों की टीमें लेंगी हिस्सा
मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि आगामी 19 नवंबर से नाथू बरखेड़ा स्थित इसी अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय परिसर में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज होगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया की शीर्ष छह महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगीए जिससे एक बार फिर भोपाल वैश्विक खेल पटल पर चमक उठेगा। भोपाल का हॉकी के साथ ऐतिहासिक और पुराना नाता रहा है और इस आयोजन से उस स्वर्णिम परंपरा को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।
खेल संस्कृति को बढ़ावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि मध्य प्रदेश ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में खेलों के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है और राज्य की खेल रैंकिंग 17वें स्थान से सुधरकर अब देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की हर विधानसभा में खेल परिसरों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे एक मजबूत स्पोट्र्स इकोसिस्टम तैयार हो रहा है।
मंत्री सारंग ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्टेडियम पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों का खेल प्रत्यक्ष देखें। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच पैदा करते हैं, साथ ही उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!