भोपाल में ‘मामा’ के निवास पर वीवीआईपी नेताओं का तांता, 12 को आएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान यानी प्रदेश के चहेते मामा के परिवार पर आए इस दुख की घड़ी में देशभर के शीर्ष नेताओं का उनके प्रति गहरा स्नेह और एकजुटता देखने को मिल रही है। शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई के निधन के बाद से ही भोपाल स्थित उनके निवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए वीवीआईपी नेताओं के आने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में अब देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी 12 नवंबर को भोपाल आ रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार 12 नवंबर को शाम 4.40 बजे भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सडक़ मार्ग से होते हुए शाम 5.15 बजे होशंगाबाद रोड स्थित वृंदावन गार्डन पहुंचेंगे, जहां वे शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार से मुलाकात कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। उनका यह कार्यक्रम शाम 5.15 से 5.35 बजे तक आरक्षित रखा गया है। इसके बाद शाम 6.05 बजे वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होकर वापस दिल्ली लौट जाएंगे।
आज सीएम धामी समेत कई बड़े नेता पहुंचे मामा के घर
मंगलवार 10 नवंबर को भी शिवराज सिंह चौहान के निवास पर दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और वरिष्ठ नेता सौदान सिंह ने भोपाल पहुंचकर मामा से भेंट की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके अलावा आगामी दिनों में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी भोपाल आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
नड्डा और सिंधिया भी साझा कर चुके हैं मामा का दुख
जब से शिवराज सिंह चौहान पर मातृशोक का पहाड़ टूटा है, पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लगातार उनके साथ खड़ा है। इससे पहले 4 नवंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भोपाल स्थित निवास पर पहुंचकर शिवराज सिंह चौहान को ढांढस बंधाया था। उस समय मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे थे। वहीं 5 नवंबर को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपनी पत्नी के साथ शिवराज सिंह चौहान के पैतृक गांव जैत पहुंचे थे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। 9 नवंबर को केंद्रीय राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्रशेखर ने भी भोपाल निवास पहुंचकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।



