दीपावली की तुलना ईद से करने पर भडक़े बीजेपी विधायक…

भोपाल। दीपावली का त्योहार देश भर में धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन इस बार पर्व के शुभकामना संदेश पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा दीपावली की तुलना ईद से किए जाने पर भोपाल के हुजूर सीट से भाजपा विधायक रमेश्वर शर्मा ने तीखा पलटवार किया है। शर्मा ने इस बयान को सनातन संस्कृति का अपमान बताते हुए कांग्रेस पार्टी पर करारा हमला बोला है।
बता दें बेंगलुरु में दीपावली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि दीपावली खुशियों की ईद की तरह है, जो कई दिनों तक चलती है और लोगों को अपने आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ लाती है। उन्होंने यह भी कहा था कि यह देश का ऐसा प्रमुख पर्व है जहां परिवार, रिश्तेदार और पूरा समाज मिलकर खुशियां बांटता है। सभी को आपसी गलतफहमियां दूर कर देश की एकता के लिए मिलकर काम करना चाहिए। खरगे का यह बयान सामने आते ही सियासी गलियारों में बहस छिड़ गई।
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का पलटवार
कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के दिमाग में सिर्फ ईद ही बसी हुई है, जिसके कारण वह दीपावली जैसे महापर्व, मां लक्ष्मी की आराधना और भारतीय संस्कृति के सबसे बड़े समृद्धि उत्सव को पूरी तरह भूल चुकी है। शर्मा ने तंज कसते हुए आगे कहा कि खरगे जी आपके ईद कहने से हमारी दीपावली खराब नहीं होगी। हमारी दीपावली की आतिशबाजी और मिठाइयां समाज में मिठास ही घोलेंगी।
उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना इशारों-इशारों में तंज कसा कि राहुल के नेतृत्व के चलते पहले पार्टी कमजोर हुई और अब एक अबोध बालक के प्रभाव में पूरी तरह गर्त में चली गई है। यही वजह है कि वरिष्ठ नेताओं की समझ भी अब खत्म हो चुकी है। सनातन पर कटाक्ष को लेकर उन्होंने चेतावनी दी कि सनातन की मिठास हमेशा दुनिया पर हावी रहेगी, कांग्रेस चाहे जितना कटाक्ष कर ले।
रामचरितमानस की चौपाई का जिक्र
भाजपा विधायक ने रामचरितमानस की प्रसिद्ध चौपाई जाको प्रभु दारुण दुख देई, ताकि मति पहिले हर लेई, का जिक्र किया। उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का भविष्य अब केवल 4 से 6 साल का ही बचा है और इसके बाद यह पार्टी खुद ब खुद समाप्त हो जाएगी।



