युवतियों के हिप्स पर थप्पड़ मारने वाला सिरफिरा 48 घंटे में गिरफ्तार

भोपाल। राजधानी के कटारा हिल्स इलाके में राह चलती युवतियों के लिए खौफ का कारण बन चुके एक सिरफिरे मनचले का खेल आखिरकार पुलिस ने खत्म कर दिया है। महज एक ही दिन में 4 से 5 युवतियों के साथ सरेराह शर्मनाक हरकत करने वाले इस आरोपी को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। आरोपी युवतियों के हिप्स पर थप्पड़ मारकर पलक झपकते ही फरार हो जाता था।
आरोपी इतना शातिर था कि अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर नकाब बांधता था और बाइक की नंबर प्लेट भी छिपाकर चलता था। वह सुनसान या रास्तों पर अकेली जा रही युवतियों को निशाना बनाता था। उनके नजदीक आकर उनके हिप्स पर जोर से थप्पड़ मारता और जब तक युवतियां कुछ समझ पातीं, वह बाइक भगाकर रफूचक्कर हो जाता था। एक ही दिन में इस तरह की कई वारदातों से इलाके की महिलाओं और युवतियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल था।
50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों ने खोली पोल
घटना की गंभीरता को देखते हुए कटारा हिल्स थाना प्रभारी संतोष रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। आरोपी ने अपनी बाइक की नंबर प्लेट छिपा रखी थी, जिससे उसकी पहचान करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती था। हालांकि पुलिस ने हार न मानते हुए रूट के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। कडिय़ों को जोड़ते हुए आखिरकार पुलिस ने तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान कर ली।
दीनदयाल पार्क से दबोचा गया 23 वर्षीय अभिषेक
पुलिस ने घेराबंदी कर दीनदयाल पार्क इलाके से 23 वर्षीय आरोपी अभिषेक उइके को धर दबोचा। पुलिस की इस त्वरित और मुस्तैद कार्रवाई से इलाके की महिलाओं ने राहत की सांस ली है। थाना प्रभारी संतोष रघुवंशी की टीम ने समय रहते आरोपी को पकडक़र किसी बड़ी वारदात की आशंका को टाल दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने इस तरह की हरकतें और कहां-कहां की हैं।



