भोपाल के व्यापारियों का कौन होगा सरताज, फैसला आज

भोपाल. राजधानी भोपाल की सबसे बड़ी व्यापारिक संस्था भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव का आज महा परिणाम आने वाला है. रविवार को हुए मतदान के बाद आज 60 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो जाएगा.
मतगणना आज सुबह 8 बजे से पॉलीटेक्निक चौराहा स्थित मानस भवन में शुरू हो चुकी है. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच श्यामला हिल्स थाने से मतपेटियां लाई गई हैं. दोपहर 12 बजे से रुझान आने लगेंगे और 2 बजे तक पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी.
इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प है. अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद गोयल और तेजकुलपाल सिंह पाली के बीच सीधी टक्कर है. रविवार को करीब 2 हजार व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें टेंडर और पोस्टल बैलेट भी शामिल हैं.
पर्यवेक्षक डॉ. पीसी कोठारी और सीएम वैभव जैन की देखरेख में 170 सदस्यों की टीम इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न करा रही है. व्यापारियों को उम्मीद है कि जो भी नया अध्यक्ष बनेगा, वह उनके घोषणापत्र के वादों को पूरा करेगा और व्यापारिक समस्याओं के लिए मजबूती से संघर्ष करेगा.
अब देखना होगा कि भोपाल के व्यापारी गोविंद गोयल के अनुभव पर भरोसा जताते हैं या पाली के नेतृत्व को चुनते हैं.



