नगर सरकार का हाईटेक भवन तैयार, सीएम डॉ. मोहन यादव आज करेंगे उद्घाटन

भोपाल। राजधानी भोपाल के नागरिकों के लिए आज का दिन बेहद खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज लिंक रोड नंबर.2 तुलसी नगर सेकंड स्टॉप पर नवनिर्मित नगर निगम मुख्यालय अटल भवन का विधिवत लोकार्पण करेंगे। लगभग 43 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह शानदार बिल्डिंग अब शहर की नगर सरकार का नया केंद्र होगी।
अब तक भोपाल के नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों जैसे माता मंदिर, आईएसबीटी, शाहपुरा और फतेहगढ़ के चक्कर लगाने पड़ते थे। लेकिन अब सेंट्रल वर्कशॉप, बिल्डिंग परमिशन, स्वास्थ्य, जल कार्य, राजस्व और विवाह पंजीयन जैसे सभी महत्वपूर्ण विभाग एक ही बिल्डिंग में संचालित होंगे। ग्राउंड फ्लोर पर ही एक जनसुविधा केंद्र बनाया गया है, जहां प्रवेश करते ही नागरिकों को सभी जानकारी और सहायता मिल जाएगी।
प्रदेश की पहली जियोथर्मल बिल्डिंग
अटल भवन अपनी आधुनिक तकनीक के लिए चर्चा में है। यह मध्य प्रदेश की पहली ऐसी नगरीय निकाय बिल्डिंग है जो जियोथर्मल तकनीक से लैस है। ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर आधारित इस परिसर में सोलर पैनल लगाए गए हैं, जिनसे 300 किलोवाट बिजली का उत्पादन होगा। इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीमच में स्थापित निगम के 10.5 मेगावाट के सोलर प्रोजेक्ट का भी लोकार्पण करेंगे।
लोकार्पण समारोह में जुटेंगे दिग्गज
मुख्यमंत्री के साथ इस गरिमामय समारोह में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, खेल मंत्री विश्वास सारंग, जिले के प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, मंत्री कृष्णा गौर और महापौर मालती राय सहित शहर के सभी विधायक और सांसद मौजूद रहेंगे।
किस मंजिल पर क्या मिलेगा
ग्राउंड फ्लोर: टैक्स काउंटर, जनसंपर्क, विवाह पंजीकरण और बच्चों के लिए गेम जोन।
1 से 4 मंजिल: महापौर, एमआईसी सदस्य, भवन अनुज्ञा, जलकार्य और राजस्व।
5 से 7 मंजिल: स्मार्ट सिटी, आईटी, स्वास्थ्य, उद्यान और योजना प्रकोष्ठ।
8वीं मंजिल: कमिश्नर स्टाफ और स्मार्ट सिटी का मुख्य कार्यालय।



