पॉलिटिकल तड़काप्रशासनमध्यप्रदेश

कूनो के फील्ड डायरेक्टर उत्तम शर्मा का बड़ा तंज, बोले- बार-बार तबादलों से अधिकारियों का आदर्शवाद दम तोड़ देता है, बड़े ऐलान सिर्फ दिखावा

भोपाल। कूनो नेशनल पार्क में चीतों की मौतों के बीच चर्चा में आए फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा ने प्रशासनिक व्यवस्था और ट्रांसफर सिस्टम पर जोरदार हमला बोला है। 1999 बैच के आईएफएस अधिकारी शर्मा ने सोशल मीडिया पर दो पेज का लंबा लेख शेयर करते हुए नौकरशाही के अंदर की ऐसी कड़वी सच्चाइयां बयां की हैं, जो अब गलियारों में बड़ी बहस का मुद्दा बन गई हैं।
शर्मा का कहना है कि सेवा में नया आने वाला युवा अधिकारी बड़े बदलाव के जज्बे (आदर्शवाद) के साथ आता है, लेकिन लगातार छोटे कार्यकाल मिलने से उसका जोश ठंडा पड़ जाता है। फिर वह सिस्टम बदलने के बजाय सिर्फ उसे जैसे-तैसे चलाने (व्यावहारिकता) पर ध्यान केंद्रित करने लगता है।
बड़े ऐलान, जीरो जवाबदेही
कुछ अफसरों की कार्यशैली पर करारा तंज कसते हुए उन्होंने लिखा कि कुछ लोगों ने ऐसी कला सीख ली है कि वे आते ही बड़े-बड़े दावे और क्रांतिकारी भाषण देते हैं। उन्हें पता होता है कि वे लंबे समय तक रुकने वाले नहीं हैं, इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी से वे आसानी से बच जाते हैं और नाकामी का ठीकरा समय से पहले हुए तबादले पर फोड़ देते हैं।
अधीनस्थों के हाथ में व्यवस्था
यदि किसी अधिकारी का कार्यकाल एक साल से भी कम हो तो समझ लीजिए कि सिस्टम असल में नीचे के कर्मचारियों या अधीनस्थों के ही हाथ में चल रहा है। 1 से 2 साल में अधिकारी व्यवस्था समझता है और 2 साल से ज्यादा का वक्त मिलने पर ही असल संस्थागत सुधार आकार ले पाते हैं।
निजी विचार या निलंबन से बचने की तरकीब
चीतों की मौतों के बाद आई इस पोस्ट को लेकर वाइल्ड लाइफ एक्टिविस्ट अजय दुबे पहले ही तंज कस चुके हैं कि यह निलंबन से बचने की तरकीब है। हालांकि शर्मा ने साफ किया है कि ये उनके निजी और अकादमिक अनुभव हैं,े जिन्हें उन्होंने द वैल्यू ऑफ टेन्योर कैन अ ब्यूरोक्रेट चेंज द सिस्टम शीर्षक से साझा किया है।
एमपी में तबादलों का दौर जारी
दूसरी ओर मध्य प्रदेश में लगातार अधिकारियों के छोटे कार्यकालों की बानगी भी सामने आती रही है। सागर, बालाघाट और अन्य जिलों में कई कलेक्टर और एसपी ऐसे रहे, जिन्हें 6 महीने या सालभर के भीतर ही इधर से उधर होना पड़ा। बहरहाल करीब 4 साल से कूनो और ग्वालियर-चंबल संभाग में जमे उत्तम शर्मा का यह बेबाक बयान प्रशासनिक गलियारों में हलचल जरूर पैदा कर गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!