अग्निवीर भर्ती परीक्षा 1 जून से, भोपाल में बनाए गए दो केंद्र

भोपाल। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। ज्वाइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों की ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम आगामी 1 जून से शुरू होने जा रही है। सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के अनुसार यह परीक्षा 12 जून तक भोपाल के दो निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। विभिन्न श्रेणियों के लिए होने वाली यह ऑनलाइन परीक्षा हर रोज 4 अलग-अलग शिफ्टों में ली जाएगी।
इस साल की भर्ती प्रक्रिया में सेना ने एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल के पदों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अब अलग से टाइपिंग टेस्ट देने की जरूरत नहीं होगी। उनका टाइपिंग टेस्ट भी इसी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर मुख्य परीक्षा के साथ ही लिया जाएगा।
एडमिट कार्ड डाउनलोड शुरू, साथ लाना जरूरी
परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड 15 मई से ही भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने लॉगिन क्रेडेंशियल का उपयोग कर इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं। सभी परीक्षार्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे एडमिट कार्ड का स्पष्ट प्रिंटआउट अनिवार्य रूप से अपने साथ लाएं और उस पर लिखे निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए तय समय पर केंद्र पहुंचें।
भोपाल में यहां बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
पहला केंद्र: आईओएन डिजिटल जोन प्रेस्टीज श्री जयराम एजुकेशन सोसायटी, कोकता बायपास रायसेन रोड भोपाल।
दूसरा केंद्र: आईओएन डिजिटल जोन आरजीपीएम, सनखेड़ी दानिशकुंज कोलार रोड भोपाल।
दलालों से रहें सावधान
सेना भर्ती कार्यालय भोपाल ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और कंप्यूटर जनित है। अभ्यर्थियों का चयन केवल और केवल उनकी योग्यता के आधार पर ही किया जाएगा। सेना ने उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों को सख्त हिदायत दी है कि वे भर्ती कराने का दावा करने वाले दलालों, ठगों और धोखाधड़ी करने वाले तत्वों से पूरी तरह सावधान रहें।
यहां करें संपर्क
भर्ती प्रक्रिया या परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार के भ्रम, स्पष्टीकरण या सहायता के लिए अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के हेल्पलाइन नंबर 0755-2540954 और 9039018588 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।



