दीपावली पर दिल्लीवालों को डबल तोहफा… आज से यमुना में शुरू होगी रिवर सफर, स्वच्छ और जीवंत होती यमुना के बीच क्रूज का आनंद ले सकेंगे लोग

नई दिल्ली। दीपावली के पावन पर्व पर दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार राजधानीवासियों को एक बड़ा और ऐतिहासिक तोहफा देने जा रही है। दिल्ली की जीवनरेखा मानी जाने वाली यमुना नदी को पर्यटन और स्वच्छता के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुएए आज मंगलवार से यमुना रिवर सफरी सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इसके साथ ही दिल्ली सरकार आज राशन कार्ड धारकों को मुफ्त गैस सिलेंडर की सौगात भी देगी, जिससे दिल्लीवालों की दीपावली की खुशियां दोगुनी हो जाएंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज सुबह 11 बजे इस महत्वाकांक्षी यमुना रिवर सफारी सेवा को दिल्ली की जनता को समर्पित करेंगी। लंबे समय से यमुना के पुनरुद्धार और इसे आम लोगों से जोडऩे की कवायद चल रही थी। इस रिवर सफारी के शुरू होने से अब राजधानी के लोग और बाहर से आने वाले पर्यटक यमुना की लहरों पर सफर करने का रोमांचक अनुभव ले सकेंगे।
यमुना नदी के किनारों को संवारने और जल परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की जा रही यह सेवा न केवल दिल्ली के पर्यटन मानचित्र पर एक नया अध्याय जोड़ेगी, बल्कि यमुना के प्रति लोगों में जुड़ाव और जागरूकता भी बढ़ाएगी। अब दिल्लीवालों को नदी में नौका विहार या सफारी का आनंद लेने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
समारोह में कई दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
यमुना तट पर आयोजित होने वाले इस भव्य शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू मुख्य रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा दिल्ली सरकार के अन्य कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे।
त्योहार पर मुफ्त गैस सिलेंडर का भी तोहफा
यमुना रिवर सफारी की सौगात के साथ-साथ रेखा सरकार ने त्योहार के मौके पर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई का भी पूरा ख्याल रखा है। आज से ही दिल्ली के राशन कार्ड धारकों को मुफ्त गैस सिलेंडर प्रदान करने की योजना का लाभ भी दिया जाएगा। सरकार के इस डबल तोहफे से राजधानी के आम नागरिकों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है।



